मारपीट और धमकी : दिलीप की भाभी, भतीजी और भाई पर हमला कर घायल किया राठौर बंधुओं ने
⚫ दिलीप के गोदाम से भर रहे राठौर बंधु अनाज
⚫ अग्रवाल परिवार रोकने गया तो हुआ हमला
⚫ पुलिस ने किया प्रकरण दर्ज
हरमुद्दा
रतलाम, 30 अप्रैल। गोदाम से अनाज भर रहे राठौर बन्धुओं को रोकने गए दिलीप और उनकी भाभी, भतीजी और भाई पर लोहे की रॉड सहित लात घूसों से हमला कर घायल कर दिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नामली के रहने वाले फरियादी दिलीप अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उन्होंन कृषि उपज मंडी सामने एक गोदाम मनोहर वाडेल से किराए पर ले रखा है। 26 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि कुछ लोग उनके गोदाम में तोड़फोड़ कर रहे हैं। जब फरियादी अपनी भाभी अनिता अग्रवाल, भतीजी निकिता और भाई तेजकरण के साथ मौके पर पहुंचे, तो वहां आरोपी प्रदीप राठौर, मनीष राठौर, दिलीप राठौर और रमेश राठौर एक पिकअप (MP13GA7574) में अनाज भरने की कोशिश कर रहे थे।
विवाद के बाद हमला

जब फरियादी पक्ष ने गोदाम अपना होने की बात कही और उन्हें रोका तो आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने लोहे की नुकीली रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में दिलीप अग्रवाल के कान, कंधे और हाथ पर चोटें आईं। उनकी भाभी और भतीजी के साथ भी मारपीट की गई। बीच-बचाव करने आए भाई तेजकरण के दोनों हाथों और सीने पर गंभीर वार किए गए।
आरोपियों ने दी जान से मारने की धमकी
फरियादी का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने धमकी दी कि यदि वे दोबारा गोदाम पर आए, तो उन्हें जान ले लेंगे। मौके पर मौजूद अन्य लोगों और परिजनों ने जैसे-तैसे बीच-बचाव कर घायलों को छुड़ाया और निजी वाहन से अस्पताल पहुँचाया।
पुलिस कर रही है आरोपियों की तलाश
नामली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 296(ए), 115(2), 351(3), 324(4), और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।
Hemant Bhatt