दबंगई : शराब की दुकान में तोड़फोड़, दी धमकी

दबंगई : शराब की दुकान में तोड़फोड़, दी धमकी

⚫ पुलिस ने किया प्रकरण दर्ज, तीन गिरफ्तार

⚫ 90 हजार का नुकसान

हरमुद्दा
रतलाम, 13 फरवरी। जिले की रावटी तहसील में स्थित देसी-विदेशी कम्पोजिट शराब दुकान में एक व्यक्ति ने घुसकर तोड़फोड़ की। सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई।
दबंगई करते हुए बात नहीं मानने पर जान से मारने की
 धमकी भी दी गई। पुलिस ने प्रकरण दर्जकर तीन को गिरफ्तार किया। 


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी उत्तरप्रदेश के अरंगी गांव का निवासी है और रावटी स्थित कम्पोजिट दुकान पर सेल्समेन/हेल्पर के रूप में कार्यरत है। उसने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 फरवरी 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह दुकान के अंदर दैनिक हिसाब-किताब कर रहा था, तभी मलवासी निवासी बद्री डोडियार और हरथल निवासी अर्जुन गरवाल दुकान पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।

कमीशन में शराब देने की मांग

आरोप है कि अर्जुन गरवाल दुकान के अंदर घुस आया और कमीशन में शराब देने की मांग को लेकर विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने कुल्हाड़ी से दुकान की रैक पर रखी शराब की बोतलों में तोड़फोड़ कर दी। इस घटना में करीब 90 हजार रुपए का नुकसान हुआ।

बात नहीं मानने पर जान से मारने की धमकी

फरियादी ने यह भी आरोप लगाया कि बाहर खड़े अन्य आरोपी ने साप्ताहिक रूप से शराब या पैसे देने की धमकी दी और ऐसा न करने पर जान से मारने की चेतावनी दी। शोर सुनकर दुकान के अन्य कर्मचारी और आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद मुन्नालाल मईड़ा अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और जाते समय दोबारा नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। 

पुलिस ने किया प्रकरण दर्ज, तीन गिरफ्तार

घटना के बाद दुकान प्रबंधन को सूचना दी गई। पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।