सैलाना के लाल का राष्ट्रीय कमाल: 'गणित जादुई बोर्ड' से पुद्दुचेरी में प्रदेश का परचम लहराएगा घोड़पल्ला का करण

​वनांचल के एक सरकारी स्कूल से निकलकर राष्ट्रीय फलक पर पहुंचने वाले करण की यह सफलता क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के लिए नई प्रेरणा बनकर उभरी है।

सैलाना के लाल का राष्ट्रीय कमाल: 'गणित जादुई बोर्ड' से पुद्दुचेरी में प्रदेश का परचम लहराएगा घोड़पल्ला का करण

⚫​ जनजातीय कार्य विभाग के स्कूलों से चयनित होने वाला मध्यप्रदेश का एकमात्र विद्यार्थी

⚫ ​14 से 19 दिसंबर तक पुद्दुचेरी में आयोजित 53वीं राष्ट्रीय बाल नवाचार प्रदर्शनी में दिखाएगा प्रतिभा

⚫ 28 राज्यों के बाल वैज्ञानिकों के बीच देगा प्रस्तुति

हरमुद्दा
​रतलाम, 13 नवंबर। संसाधनों की कमी प्रतिभा की उड़ान को कभी रोक नहीं सकती, इसे रतलाम जिले के वनांचल क्षेत्र सैलाना के एक छोटे से गांव पूनापड़ाव के छात्र करण भूरिया ने सच कर दिखाया है। एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय, घोड़ापल्ला (संकुल शिवगढ़) के कक्षा सातवीं के इस होनहार 'बाल अन्वेषक' का चयन एनसीईआरटी (NCERT) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित 53वीं राष्ट्रीय बाल नवाचार प्रदर्शनी (RBVP)-2026 के लिए हुआ है।

​खास बात यह है कि करण पूरे मध्यप्रदेश में जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों से इस राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए चयनित होने वाले एकमात्र विद्यार्थी हैं। पिता लक्ष्मण और माता सुनीता के इस होनहार बेटे की सफलता ने न केवल अपने स्कूल और गांव, बल्कि पूरे रतलाम जिले और प्रदेश के जनजातीय अंचल को गौरवान्वित किया है।

​28 राज्यों के बाल वैज्ञानिकों के बीच देगा प्रस्तुति

आगामी 14 से 19 दिसंबर 2026 तक पुद्दुचेरी के ओल्ड पोर्ट ग्राउंड, गोबर्ट एवेन्यू (बीच रोड) पर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रदर्शनी में करण मध्यप्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग और राज्य शिक्षा केंद्र का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस भव्य मंच पर देश के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित 202 बाल अन्वेषक अपने नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे, जिनके बीच ग्रामीण परिवेश से निकला रतलाम का यह नन्हा सितारा अपनी मेधा का लोहा मनवाएगा।

​क्या है करण का 'गणित जादुई बोर्ड'?

अक्सर ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों में गणित विषय को लेकर एक अनजाना भय देखा जाता है। इसी समस्या को दूर करने के लिए करण ने अपनी मार्गदर्शक शिक्षिका स्वाति सक्सेना के निर्देशन में "गणित जादुई बोर्ड" तैयार किया है। यह मॉडल पूरी तरह व्यावहारिक और रोचक है, जिसके माध्यम से कठिन गणितीय सूत्र, पहाड़े और बुनियादी अवधारणाएं खेल-खेल में प्रत्यक्ष रूप से समझी जा सकती हैं। मॉडल की इसी उपयोगिता और मौलिकता ने राज्य स्तरीय निर्णायकों को खासा प्रभावित किया।

विद्यालय से लेकर राज्य स्तर तक अजेय रहा सफर

करण की यह उपलब्धि निरंतर मेहनत और लगन का परिणाम है। उन्होंने दिसंबर 2025 में अपनी इस वैज्ञानिक यात्रा की शुरुआत की थी। अपनी प्रतिभा के दम पर उन्होंने विद्यालय, जनशिक्षा केंद्र, ब्लॉक, जिला और संभाग स्तर पर लगातार प्रथम स्थान हासिल किया। इसके बाद 19 से 21 अगस्त 2026 तक नरसिंहपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्पर्धा का टिकट पक्का किया। वनांचल के एक सरकारी स्कूल से निकलकर राष्ट्रीय फलक पर पहुंचने वाले करण की यह सफलता क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के लिए नई प्रेरणा बनकर उभरी है।