जैन संतों पर हमला : शराब के लिए रुपए नहीं दिए तो बाइक सवारों ने हमला कर दिया जैन संतों पर

जैन संतों पर हमला : शराब के लिए रुपए नहीं दिए तो बाइक सवारों ने हमला कर दिया जैन संतों पर

जैन संत रात्रि में विश्राम कर रहे थे श्री हनुमान मंदिर पर

⚫ जैन समाज में आक्रोश

⚫ सूचना मिलते ही ग्रामीण जन पहुंचे मौके पर

⚫ दो लोगों को पकड़ा ग्रामीणों ने 

हरमुद्दा
नीमच, 14 अप्रैल। जिले के सिंगोली थाना क्षेत्र के गांव कछाला में तीन जैन मुनियों पर बर्बरतापूर्वक हमला किया गया। घटना नीमच-सिंगोली मार्ग पर स्थित श्री हनुमान मंदिर की है। तीनों मुनि रात्रि विश्राम कर रहे थे। देर रात 6 बदमाश शराब के नशे में मंदिर में घुसे। शराब पीने के लिए मुनियों से रुपए मांगे। मुनियों ने रुपए देने से इनकार किया तो बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए लाठियों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। तीनों मुनि गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची ग्रामीणों की मदद से दो आरोपी पकड़ में आए। शेष भाग गए। अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। जैन संतों पर हुए हमले से समाज में आक्रोश व्याप्त है।

मिली जानकारी के अनुसार हमला होने के बाद एक मुनि ने साहस दिखाया और भागकर सड़क से गुजर रहे बाइक सवारों को रोका और मदद मांगी। राहगीरों ने गांव में सूचना दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इस दौरान दो बदमाशों को पकड़ लिया। चार अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अंकित जायसवाल मौके पर पहुंचे। घायलों से बात की। सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

संदिग्धों को लिया हिरासत में

नीमच पुलिस ने 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है। सिंगोली थाने पर इस मामले को लेकर फिलहाल अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। जैन धर्म की परंपरा के अनुसार रात में इलाज नहीं होता, इसलिए मुनियों को सिंगोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। सोमवार सुबह इलाज शुरू किया गया।

सुबह से है बाजार बंद

घटना के विरोध में जैन समाज ने सिंगोली बंद का आह्वान किया। व्यापारियों ने समर्थन दिया। सुबह से ही बाजार बंद हैं। सड़कों पर सन्नाटा है। समाज के लोग शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।

पुलिस पर दबाव शीघ्र करें कार्रवाई

फिलहाल सिंगोली में तनावपूर्ण लेकिन शांत माहौल है। जैन समाज आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़ा है। पुलिस पर दबाव है कि वह जल्द कार्रवाई करे। ताकि पीड़ित मुनियों को न्याय मिल सके।

संतों पर हमला बर्दाश्त नहीं

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा, संतों पर हमला बर्दाश्त नहीं होगा। पुलिस प्रशासन से मांग की गई कि फरार आरोपियों को जल्द पकड़ा जाए। सभी दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। समाज ने संतों की सुरक्षा के लिए हर कदम उठाने की बात कही।

गिरफ्तारी के लिए बनाई गई विशेष टीम

मामले की गंभीरता से जांच हो रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

अंकित जायसवाल, एसपी