रतलाम में कांग्रेस नेता के मकान पर पुलिस का बड़ा छापा
⚫ कांग्रेसी आशीष मेड़ा (डेनियल) के 2 बेटों समेत 9 रंगे हाथों गिरफ्तार
⚫ 68 हजार से ज्यादा कैश बरामद
हरमुद्दा
रतलाम, 23 सितंबर। शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत सालाखेड़ी चौकी पुलिस ने देर रात ग्रीन पार्क कॉलोनी में एक बड़े जुआ ठिकाने का पर्दाफाश करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिस मकान में ताश के पत्तों पर लाखों के दांव लग रहे थे, वह स्थानीय कांग्रेस नेता आशीष मेड़ा (डेनियल) का बताया जा रहा है। पुलिस की इस दबिश में कांग्रेस नेता के दो बेटे भी मौके से रंगे हाथों पकड़े गए हैं।

सालाखेड़ी चौकी पुलिस को गश्त और हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि हापूखेड़ी-सनावद रोड स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी में बेटू मेड़ा के मकान के भीतर अवैध रूप से जुआ संचालित हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मकान की घेराबंदी की और अचानक छापा मारा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर ताश की गड्डी पर दांव लगा रहे सभी 9 आरोपियों को धर दबोचा।
ताश के पत्तों के साथ ₹68,900 नकद जब्त
पुलिस ने मौके से जुए के फड़ से कुल ₹68,900 नगद और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक द्यूत अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पकड़े गए आरोपियों की सूची
⚫ बेटू मेड़ा (26 वर्ष) – निवासी अलकापुरी/आमलिया भेरू (कांग्रेस नेता का बेटा)
⚫ नंदू मेड़ा (25 वर्ष) – निवासी अलकापुरी/आमलिया भेरू (कांग्रेस नेता का बेटा)
⚫ रितिक चावण (26 वर्ष) – निवासी जवाहर नगर
⚫ पियुष सिंह (27 वर्ष) – निवासी अलकापुरी
⚫ अरुण जैन (27 वर्ष) – निवासी कस्तूरबा नगर
⚫ पवन (49 वर्ष) – निवासी पारस नगर
⚫ आकाश बोरासी (25 वर्ष) – निवासी शिवनगर
⚫ युशुफ मोहम्मद (42 वर्ष) – निवासी विनोबा नगर
⚫ जय वर्मा (23 वर्ष) – निवासी कसेरा बाजार
राजनीतिक गलियारों में मची हलचल
कांग्रेस नेता के स्वामित्व वाले मकान में इस तरह खुलेआम जुए का संचालन और उसमें उनके ही दोनों बेटों की संलिप्तता सामने आने के बाद शहर के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि यह गोरखधंधा कितने समय से वहां चल रहा था।
Hemant Bhatt