रतलाम: धौंसवास के शासकीय तालाब पर प्रशासन का कड़ा पहरा, अवैध रूप से पानी और बिजली चोरी करते दो मोटर जब्त
⚫ भारत लाल जाट और सुखराम डायरी के खिलाफ प्रकरण दर्ज
⚫ जल संकट से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सख्त
हरमुद्दा
रतलाम, 4 नवंबर। जिले में इस वर्ष कम वर्षा (अल्प वर्षा) के कारण मंडरा रहे गंभीर जल संकट से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। एक तरफ जहां जिला प्रशासन द्वारा जल संरक्षण और बचाव के लिए विभिन्न अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोगों द्वारा शासकीय जल स्रोतों से पानी की चोरी के मामले भी सामने आने लगे हैं। ताजा मामला रतलाम के ग्राम धौंसवास का है, जहां देर रात्रि राजस्व और विद्युत विभाग के संयुक्त दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से पानी और बिजली चोरी कर रहे दो लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

कलेक्टर अजय कटेसरिया
कलेक्टर के निर्देश पर आधी रात को हुई औचक कार्रवाई
कलेक्टर अजय कटेसरिया के सख्त निर्देशों के बाद जिला प्रशासन अवैध गतिविधियों के खिलाफ पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।

मौके पर मौजूद राजस्व एवं विद्युत विभाग के अधिकारी
इसी क्रम में ग्राम धौंसवास के शासकीय तालाब से अवैध रूप से मोटरें लगाकर पानी खींचे जाने की शिकायत पर प्रशासन की संयुक्त टीम में राजस्व विभाग के प्रभारी तहसीलदार आशीष उपाध्याय, नायब तहसीलदार देवेंद्र दानगढ़, एमपीईबी के कनिष्क अभियंता राजकुमार सिंह राजावत शामिल रहे। टीम ने देर रात्रि मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके पर दो 5 हॉर्स पावर की विद्युत मोटरें अवैध रूप से संचालित पाई गईं, जिन्हें तुरंत प्रभाव से जब्त कर लिया गया।
बिना अनुमति और बिना कनेक्शन चल रहा था खेल
कनिष्ठ अभियंता (JE) राजकुमार सिंह राजावत ने हरमुद्दा को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी बिना किसी अनुमति और वैध कनेक्शन के 5 हॉर्स पावर की मोटरें चलाकर न केवल बिजली की चोरी कर रहे थे, बल्कि सूखे के इस दौर में शासकीय तालाब का बेशकीमती पानी भी चुरा रहे थे। प्रशासन ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों पर शिकंजा कसा है।
⚫ भारतलाल जाट (निवासी - धौंसवास)
⚫ सुखराम गायरी (निवासी - बाजेड़ा)
दोनों आरोपियों के खिलाफ विद्युत चोरी और शासकीय संपत्ति/संसाधनों के अवैध दोहन का मामला दर्ज कर लिया गया है।
बिना ढिलाई, करें करवाई
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले के किसी भी हिस्से में शासकीय जल स्रोतों से अवैध रूप से पानी निकालने की शिकायत मिलने पर बिना किसी ढिलाई के तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए।
Hemant Bhatt