रतलाम: कॉमर्स कॉलेज रेलवे ब्रिज पर किराना व्यापारी पर जानलेवा हमला
⚫ लोहे के पाइप और लट्ठ से पीटा
⚫ विनायक कॉलोनी के पास तीन बाइक सवारों ने घेरा
⚫ सोने की चेन भी गुम हुई, तीन लोगों पर शंका
⚫ औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं में दर्ज की एफआईआर
हरमुद्दा
रतलाम, 29 अक्टूबर। शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत कॉमर्स कॉलेज के सामने रेलवे ब्रिज पर दिनदहाड़े एक किराना व्यापारी के साथ मारपीट और हमले की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हमलावरों ने व्यापारी को घेरकर लोहे के पाइप और लट्ठ से बेरहमी से पीटा, जिससे उनके दोनों पैरों, पीठ और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुकान जाते समय बाइक सवारों ने रोका
पुलिस के अनुसार वारदात बुधवार (28 अक्टूबर 2026) दोपहर में हुई। कंवरराम सिंधु नगर निवासी 44 वर्षीय किराना व्यापारी सुरेश पोपटानी (पिता काशीराम पोपटानी) अपने घर से दुकान की ओर जा रहे थे। कॉमर्स कॉलेज रेलवे ब्रिज पर विनायक कॉलोनी के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें जबरन रोक लिया।
पाइप, लट्ठ और लात-घूंसों से किया हमला
पीड़ित के अनुसार, एक बदमाश ने लोहे के पाइप से वार किया जिससे दोनों पैरों में घुटनों के नीचे गंभीर चोटें आईं। वहीं दूसरे बदमाश ने लट्ठ से हमला किया। इसके बाद तीनों बदमाशों ने मिलकर लात-घूंसों से मारपीट की। घटना के दौरान शोर सुनकर जब पास ही मौजूद एक महिला ने आवाज लगाई, तो तलवार लेकर आ रहा एक अन्य युवक भी मौके से भाग निकला। इस आपाधापी और मारपीट के दौरान व्यापारी के गले से सोने की चेन भी गिरकर गुम हो गई।
जान से मारने की धमकी देकर फरार हुए हमलावर
पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने इस हमले के पीछे भाजपा नेता विनोद करमचंदानी, कमलेश करमचंदानी और मुकेश गुरनानी पर शंका जताई है।
पुलिस की कार्रवाई
औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने 28 अक्टूबर की शाम को एफआईआर क्रमांक 957/2026 दर्ज की है। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Hemant Bhatt