जोधपुर में बहेगी रामकथा की रसधार: पूज्य स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज ने स्वीकार किया आमंत्रण

जोधपुर में बहेगी रामकथा की रसधार: पूज्य स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज ने स्वीकार किया आमंत्रण

हरमुद्दा
​हरिद्वार/जोधपुर, 5 जुलाई। सूर्य नगरी जोधपुर के श्रद्धालुओं के लिए एक बेहद हर्ष और गौरव का विषय है। हरिद्वार स्थित पावन हरिहर आश्रम में जोधपुर प्रभु प्रेमी संघ के एक विशेष प्रतिनिधिमंडल ने जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर पूज्य स्वामी अवधेशानंद गिरी जी महाराज से आत्मीय भेंट की। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने स्वामीजी को जोधपुर में आयोजित होने वाली भव्य 'श्रीरामकथा' के लिए सादर निमंत्रण पत्र भेंट किया।


धर्मनिष्ठ तरनी प्रकाश व्यास ने हरमुद्दा को बताया ​श्रद्धालुओं के अनन्य प्रेम और आग्रह को देखते हुए पूज्य स्वामी अवधेशानंद गिरी जी महाराज ने सहर्ष इस आमंत्रण को स्वीकार कर लिया है और जोधपुर में श्रीरामकथा रसपान कराने की अपनी पावन सहमति प्रदान की है।

13 से 19 नवंबर तक होगा दिव्य आयोजन

संस्था के नरेश जाजडा एवं ओम प्रकाश व्यास ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि इस भव्य श्रीरामकथा का आयोजन आगामी 13 से 19 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। कथा का समय प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक रहेगा, जिसमें पूज्य गुरुदेव के मुखारविंद से भक्तों को प्रभु श्रीराम के आदर्शों और दिव्य प्रसंगों को श्रवण करने का अलौकिक सौभाग्य प्राप्त होगा।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे उपस्थित

हरिद्वार में निमंत्रण पत्र सौंपने के इस पावन अवसर पर जोधपुर प्रभु प्रेमी संघ के संयोजक कुन्दनलाल सोनी, अध्यक्ष महेन्द्र शर्मा
​सचिव मनीष अग्रवाल, सदस्य अनिल बोहरा, संजय शर्मा, शिवजी व्यास एवं राजेश अग्रवाल उपस्थित रहे।

संघ की भावपूर्ण अपील

जोधपुर प्रभु प्रेमी संघ ने मारवाड़ सहित आस-पास के सभी राम भक्तों, श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी जनता से सादर आग्रह किया है कि वे इस पावन कथा में सपरिवार उपस्थित हों। पूज्य गुरुदेव के श्रीचरणों में बैठकर भक्ति, प्रेम, ज्ञान और सेवा के इस महाकुंभ का पुण्य लाभ उठाएं और अपने जीवन को कृतार्थ करें।