मानवीय संवेदनाएं शर्मसार: ममता और प्रसव पीड़ा के बीच 'सिस्टम' की बेरुखी
यह घटना सिर्फ एक प्रशासनिक विफलता नहीं है, बल्कि यह हमारी सामूहिक संवेदनाओं पर एक गहरा आघात है। जरूरत है कि ऐसे लापरवाह तंत्र को जगाया जाए ताकि भविष्य में किसी पति को अपनी पत्नी की जान बचाने के लिए बाइक का सहारा न लेना पड़े।
⚫ फोरलेन के पास बाइक ही बनी गर्भवती की एम्बुलेंस
⚫ एंबुलेंस संचालकों ने कहा 2 घंटे करो इंतजार
हरमुद्दा
रतलाम, 18 नवंबर। सरकारी योजनाएं, कागजी दावे और एम्बुलेंस के सायरन... जब एक प्रसूता की कराह और एक पति की लाचारी के सामने बेमानी हो जाएं, तो इसे क्या कहेंगे? रतलाम जिले के प्रकाश नगर गांव से एक ऐसी संवेदनहीन घटना सामने आई है, जो विकास के तमाम दावों की धज्जियां उड़ाती है और इंसानियत के नाम पर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है। जहां एक ओर देश में मातृ मृत्यु दर कम करने और गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने के लिए बड़ी-बड़ी योजनाएं चलाई जा रही हैं, वहीं धरातल पर एक पति अपनी पत्नी की जान बचाने के लिए सिस्टम के आगे गिड़गिड़ाने को मजबूर दिखा।
जब फोन पर मिला जवाब— "दो से तीन घंटे लगेंगे"
रतलाम ग्रामीण के प्रकाश नगर गांव निवासी क्रिश मोरवी का आशियाना उस वक्त दुखों के पहाड़ तले दब गया, जब उनकी पत्नी को अचानक असहनीय प्रसव पीड़ा शुरू हुई। घर में दर्द से छटपटाती पत्नी और आंखों में डर लिए पति ने बिना एक पल गंवाए 'जननी एक्सप्रेस' एम्बुलेंस को फोन मिलाया। उसे उम्मीद थी कि सरकारी अमला फरिश्ता बनकर पहुंचेगा।
लेकिन फोन के दूसरी तरफ बैठे जिम्मेदार कर्मचारी की आवाज ने सारे उम्मीदें तोड़ दीं। बेहद उदासीनता से जवाब मिला— "एम्बुलेंस आने में अभी दो से तीन घंटे का समय लगेगा।"
जरा सोचिए, उस पल उस पति पर क्या बीती होगी, जिसकी पत्नी हर एक सेकंड दर्द से कराह रही थी और सिस्टम कह रहा था कि 'इंतजार करो'।
फोरलेन का फायदा नहीं, मजबूरी बनी दोपहिया वाहन
प्रकाश नगर गांव फोरलेन के बिल्कुल पास स्थित है, जिसे विकास और आधुनिकता का प्रतीक माना जाता है। लेकिन यह कैसी विडंबना है कि जिस सड़क पर गाड़ियां सरपट दौड़ती हैं, उसी के पास बसे गांव तक एक एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंच पाई।
जब मदद की हर उम्मीद टूट गई और पत्नी की हालत बिगड़ने लगी, तो एक लाचार पति ने अपनी हिम्मत जुटाई। उसने अपनी पत्नी की जान बचाने के लिए दोपहिया वाहन (बाइक) को ही एम्बुलेंस बना लिया। दर्द से कराहती गर्भवती पत्नी को बाइक पर पीछे बैठाया और खराब रास्तों व रफ्तार के बीच बिलपांक स्वास्थ्य केंद्र की ओर निकल पड़ा। रास्तेभर पति के मन में बस एक ही डर था—कहीं कोई अनहोनी न हो जाए। गनीमत रही कि समय रहते वे अस्पताल पहुंच गए, वरना यह संवेदनहीन देरी किसी बड़ी जनहानि में बदल सकती थी।
सोशल मीडिया पर छलक उठा दर्द, विधायक से गुहार
इस व्यवस्थागत लाचारी और मानवीय पीड़ा से टूट चुके क्रिश मोरवी ने अपने आंसुओं और गुस्से को दबाए बिना एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में उनका दर्द साफ झलक रहा है। उन्होंने इस लचर व्यवस्था को क्षेत्र के विधायक मथुरालाल डामर तक पहुंचाते हुए गुहार लगाई है कि इस अमानवीय लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसी अन्य परिवार को इस तरह की प्रताड़ना न झेलनी पड़े।
मुद्दे की बार : सवाल जो हर संवेदनशील दिल को झकझोरते हैं।
क्या कागजों पर चल रही योजनाएं आम आदमी की जान बचाने के वक्त इतनी सुस्त क्यों हो जाती हैं?
क्या एक गर्भवती महिला की पीड़ा से ज्यादा महत्वपूर्ण कागजी औपचारिकताएं हैं?
फोरलेन के पास होने के बावजूद यदि एम्बुलेंस समय पर न पहुंचे, तो दूर-दराज के आदिवासी अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं का भगवान ही मालिक है।
यह घटना सिर्फ एक प्रशासनिक विफलता नहीं है, बल्कि यह हमारी सामूहिक संवेदनाओं पर एक गहरा आघात है। जरूरत है कि ऐसे लापरवाह तंत्र को जगाया जाए ताकि भविष्य में किसी पति को अपनी पत्नी की जान बचाने के लिए बाइक का सहारा न लेना पड़े।
Hemant Bhatt