हृदय विदारक: बाल दिवस पर स्कूल जाने के लिए तैयार मासूम बेटी और बेटे के साथ मां ने कुएं में कूदकर दी जान
⚫ स्कूल छोड़ने के बहाने घर से निकली थी महिला
⚫ आसपास के लोग तत्काल पहुंचे और कुएं से तीनों को निकाला
⚫ पुलिस को दी सूचना
हरमुद्दा
रतलाम/जावरा, 14 नवंबर। बाल दिवस पर जिले के जावरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मीनाखेड़ी में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक हादसे में मां और दोनों बच्चों की मौत हो गई है। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

मां दया मालवीय
जानकारी के अनुसार, ग्राम मीनाखेड़ी निवासी दया पति हरिओम मालवीय शनिवार सुबह अपनी 5 वर्षीय बड़ी बेटी दक्षु को स्कूल छोड़ने की बात कहकर घर से निकली थीं। उनके साथ 3 वर्षीय छोटा बेटा अरविंद भी था। बाल दिवस होने के कारण मासूम दक्षु स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर उत्साह के साथ घर से निकली थी, लेकिन उसे नहीं पता था कि यह उसका आखिरी सफर होगा। घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचने के बाद दया ने दोनों बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी।

मासूम मृतक
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को कुएं से बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और तीनों को तत्काल जावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत मां और दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।
Hemant Bhatt