9 महीने पहले दांपत्य सूत्र में बंधी 19 वर्षीय नवविवाहिता ने लगाया मौत को गले

9 महीने पहले दांपत्य सूत्र में बंधी 19 वर्षीय नवविवाहिता ने लगाया मौत को गले

⚫ जेठानी के उड़ गए होश

⚫ पुलिस कर रही दोनों पक्ष से पूछताछ

⚫ मानसिक स्वास्थ्य सहायता

हरमुद्दा
​रतलाम, 13 नवंबर। जिले के रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम गुर्जरपाड़ा में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहाँ महज 19 वर्ष की एक नवविवाहिता ने अज्ञात कारणों के चलते अपने ही घर के अंदर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गहनता से जाँच शुरू कर दी है।

​

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका एतरी (19 वर्ष) पत्नी लक्ष्मण देवधाम, निवासी ग्राम गुर्जरपाड़ा है। घटना वाले दिन ( गुरुवार) दोपहर को एतरी अपनी जेठानी हुगली बाई के साथ घर के पास ही स्थित खेत में मक्का तोड़ रही थी। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त मृतका का पति लक्ष्मण अपनी छोटी बहन को छोड़ने पेटलावद गए हुए थे, जबकि जेठ रामेश्वर सुबह ही खेत पर चले गए थे।

​घर लौटी और उठाया खौफनाक कदम

​पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोपहर करीब 1 बजे एतरी ने अपनी जेठानी हुगली बाई से प्यास लगने और पानी पीने घर जाने की बात कही। इसके बाद वह खेत से घर लौट आई। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब एतरी वापस खेत पर नहीं पहुँची, तो जेठानी को चिंता हुई।

जेठानी के उड़ गए होश

​जेठानी उसे देखने के लिए घर पहुँची, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। एतरी घर की कच्ची छत की बल्ली पर रस्सी के फंदे पर लटकी हुई थी। इस भयानक दृश्य को देखकर परिवार और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।

​पुलिस की कार्रवाई

​घटना की सूचना मिलते ही रावटी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा बनाया और मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस कर रही दोनों पक्ष से पूछताछ

​फिलहाल आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस नवविवाहिता के मायके पक्ष और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा हर पहलू से मामले की जाँच की जा रही है।

​मानसिक स्वास्थ्य सहायता

यदि आप या आपका कोई परिचित किसी मानसिक तनाव, दबाव या कठिन परिस्थिति से गुजर रहा है, तो कृपया अकेले न रहें। भारत सरकार के टेली-मानस (Tele-MANAS) हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 पर कॉल करके मुफ्त और गोपनीय परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। मदद हमेशा उपलब्ध है।