दीपावली की रात बना काल: दो भीषण अग्निकांड, 12 लोगों की दर्दनाक मौत

दीपावली की रात बना काल: दो भीषण अग्निकांड, 12 लोगों की दर्दनाक मौत

⚫  सोनी परिवार के पांच बड़े और एक छोटे की मौत

⚫ अग्रवाल परिवार के 6 मृतकों में मां के साथ दो माह का मासूम भी शामिल

⚫ खुशियों के बीच छाया मातम

⚫ पुलिस जुटी जांच करने में

हरमुद्दा
​सोमवार, 9 नवंबर। दीपावली की रात खुशियों और रोशनी का पर्व मध्य प्रदेश के दो परिवारों के लिए जिंदगी भर का अंधेरा दे गया। प्रदेश के कटनी जिले के बरही और सिवनी जिले के छपारा में हुए दो अलग-अलग भीषण हादसों में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों ही स्थानों पर आग ने तीन मंजिला मकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे सो रहे लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। इन हृदय विदारक घटनाओं के बाद दोनों क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।


​कटनी (बरही): क्रॉकरी दुकान के ऊपर बने मकान में आग, 6 ज़िंदगियों की दम घुटने से मौत

कटनी जिला मुख्यालय से लगभग 55 किलोमीटर दूर बरही कस्बे में दीपावली की रात करीब 11:30 बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में अचानक भीषण आग लग गई।
​कैसे हुआ हादसा: दुकान के ठीक ऊपर परिवार का तीन मंजिला मकान स्थित था। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग की लपटों और काले धुएं ने पूरी इमारत को घेर लिया। उस समय पूरा परिवार गहरे इलाज और नींद में था।

⚫ पूरन अग्रवाल (77)

⚫ चंद्रकला (पत्नी), 

⚫ पूनम, बहु, 

⚫ आर्या (14) 

⚫ अन्वी (6) 

⚫ 2 माह का मासूम (जो कि मां की गोद में ही था)

जान-माल का नुकसान: इस दर्दनाक अग्निकांड में परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में दो बुजुर्ग, एक महिला और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। हादसे के दौरान एक पुरुष और एक महिला किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

5 घंटे चला रेस्क्यू: आग की विभीषिका इतनी भयानक थी कि बरही, विजयराघवगढ़, कैमोर और कटनी नगर निगम की दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा। स्थानीय निवासियों और दमकल टीम की 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।


​सिवनी (छपारा): सर्राफा व्यापारी के घर तड़के 3 बजे लगी आग, 6 की मौत, 4 अस्पताल में भर्ती

सिवनी जिले के छपारा नगर स्थित महावीर वार्ड (जैन मोहल्ला) में हुआ। सोमवार तड़के करीब 3 बजे प्रसिद्ध सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में अचानक आग लग गई।

एक ही परिवार के 6 लोगों ने तोड़ा दम: लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि घर के अंदर मौजूद लोगों को संभलने का अवसर ही नहीं मिला। हादसे में इनकी मौत हुई।

⚫ कुंदन लाल सोनी (75)

⚫ राजकुमारी सोनी (65)

⚫ ऋतु सोनी (42)

⚫ स्मृति सोनी (40)

⚫ सूर्या सोनी (45)

⚫ आदित्य सोनी (16)

4 लोगों को सुरक्षित निकाला गया: लखनादौन एसडीओपी अपूर्व भलावी के अनुसार, घटना के समय मकान में कुल 10 लोग मौजूद थे। पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय नागरिकों की मदद से चलाए गए राहत अभियान के तहत 4 लोगों—अमायरा सोनी (7), रितेश सोनी (45), सौरभ सोनी (43) और आकर्ष सोनी (14) को सुरक्षित बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मातम में बदलीं त्योहार की खुशियां

जहाँ एक ओर पूरा देश दीपोत्सव का जश्न मना रहा था, वहीं इन दोनों हादसों ने बरही और छपारा के स्थानीय नागरिकों को गहरे सदमे में डाल दिया है। प्रशासन और पुलिस की टीमें दोनों स्थानों पर आग लगने के कारणों की जाँच में जुट गई हैं।