दीपोत्सव के चौथे दिन भी रतलाम नगर निगम की खुली पोल: कचरे के ढेर और धुएं के आगोश में डूबा शहर

दीपोत्सव के चौथे दिन भी रतलाम नगर निगम की खुली पोल: कचरे के ढेर और धुएं के आगोश में डूबा शहर

⚫ जिम्मेदार गहरी नींद में

⚫ मुनासिब नहीं समझा विशेष सफाई अभियान चलाना

⚫ शहर भर में पसरी गंदगी, नागरिकों को भुगतनी पड़ी सजा

हरमुद्दा
​रतलाम, 9 नवंबर। दीपोत्सव का पावन पर्व जहाँ एक ओर रोशनी, उमंग और आतिशबाजी का उल्लास लेकर आता है, वहीं रतलाम शहर के लिए यह पर्व प्रशासनिक और निगमिया नाकामी का काला अध्याय साबित हुआ। दीपावली के ठीक चौथे दिन, यानी नए साल और पर्व के उल्लास के तुरंत बाद, पूरा शहर कचरे के हवाले नजर आया। लक्ष्मी पूजन के बाद हुई भारी आतिशबाजी और बाजारों की रौनक के बाद जो कचरा पीछे छूटा, उससे शहर की सूरत बदरंग हो गई। सबसे शर्मनाक बात यह रही कि नगर निगम ने इस विशेष अवसर के लिए किसी भी प्रकार की अग्रिम तैयारी या विशेष सफाई अभियान चलाना मुनासिब नहीं समझा।

​शहर भर में पसरी गंदगी, नागरिकों को भुगतनी पड़ी सजा

​त्योहार के अगले दिन सुबह जब शहर की जनता नए साल की शुरुआत करने निकली, तो उनका सामना साफ-सुथरी सड़कों से नहीं, बल्कि कचरे के विशाल ढेरों से हुआ।

नदारद रहा सफाई अमला: कॉलोनियों से लेकर मुख्य बाजारों तक सड़कों पर झाड़ू तक नहीं लगी। दो बत्ती, स्टेशन रोड, छत्रीपुल, शहीद चौक, माणक चौक, न्यू क्लॉथ मार्केट चांदनी चौक और प्रमुख व्यापारिक केंद्रों पर कचरे के ढेर और फैली हुई गंदगी ने नगर निगम के दावों की पोल खोल दी। उत्सव के पहले दिन धनतेरस को शहरवासियों पानी के लिए तरसना पड़ा। फिर बाजार में यातायात की समस्या नजर नजर आई।

पार्किंग स्थल बनाने के बावजूद सड़क पर दो पहिया वाहन पार्क

चांदनी चौक से चौकी पुल वाले मार्ग पर बीच सड़क पर पार्किंग की गई। जबकि आजाद चौक गोल चक्कर में पार्किंग व्यवस्था थी। उसकी पोल हरमुद्दा ने पहले ही खोल कर रखी थी। वहां पर अव्यवस्था थी। इसी के चलते लोगों ने बीच सड़क पर पार्किंग कर दी।

​व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी वालों की मनमानी

बाजार में सामान बेचने वाले और रेहड़ी-पटरी वाले अपनी दुकानें समेटते वक्त कचरा वहीं सड़कों पर छोड़कर चले गए। शहीद चौक पर गन्ना बेचने वालों ने गन्ने का कचरा सड़कों पर ही बिखेर दिया, लेकिन इन्हें रोकने-टोकने वाला कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था।

​दोपहर 1 बजे तक नहीं पहुंची कचरा गाड़ियां

चांदनी चौक

न्यू क्लॉथ मार्केट

नाहरपुरा से डालू मोदी बाज़ार मार्ग

शहरवासियों के लिए हैरान करने वाली बात यह रही कि दोपहर के 1 बज जाने के बावजूद नगर निगम की कचरा संग्रहण गाड़ियां शहर की गलियों में नजर नहीं आईं। जिन नागरिकों ने अपने स्तर पर कचरा नहीं फैलाया था, वे भी व्यवस्था की इस नाकामी की सजा भुगतने को मजबूर हुए।

​छत्रीपुल नाले के पास जारी है अवैध रूप से कचरा जलाने का घिनौना खेल

​एक तरफ शहर गंदगी से जूझ रहा था, वहीं दूसरी तरफ छत्रीपूल के पास नाले के समीप कचरा जलाने का पुराना और खतरनाक दस्तूर बदस्तूर जारी रहा। कचरे में लगाई गई आग के कारण पूरे क्षेत्र में जहरीला धुआँ फैल गया, जिससे आसपास के रहवासियों का सांस लेना तक दूभर हो गया।

धुएं और प्रदूषण से हमारा जीना मुहाल

स्थानीय नागरिकों का आक्रोश फूट पड़ा है। रहवासियों का कहना है कि "यह कोई पहली बार नहीं है, यह तो हमारा रोज का काम बन गया है। धुएं और प्रदूषण से हमारा जीना मुहाल हो गया है, आँखों में जलन और सांस की तकलीफ आम बात हो गई है, लेकिन नगर निगम और स्थानीय प्रशासन के कान पर जूँ तक नहीं रेंगती। कोई भी अधिकारी इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं है।"

​जवाबदेही और स्वच्छता के दावों पर बड़ा सवाल

​देशभर में स्वच्छता के नाम पर बड़े-बड़े ढिंढोरा पीटे जाते हैं और रैंकिंग में आने के दावे किए जाते हैं, इसके लिए काफी बजट खर्च किया जाता है लेकिन रतलाम में धरातल की तस्वीर इन दावों के बिल्कुल विपरीत है। यह घटना साफ दर्शाती है कि नगर निगम का मैदानी अमला और उच्चाधिकारी उत्सव के दिनों में अपनी जिम्मेदारियों से पूरी तरह मुंह मोड़ लेते हैं। मॉनिटरिंग का पूर्ण अभाव और प्रशासनिक उदासीनता के चलते आज रतलाम की जनता नारकीय जीवन जीने को मजबूर है।

मुद्दे की बात : कागजी अभियान से नहीं चलेगा काम

​यदि रतलाम को वास्तव में एक स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाना है, तो सिर्फ कागजी अभियानों से काम नहीं चलेगा। जिम्मेदार रियल में काम करें तो बेहतर होगा। रील बना बनाने से किसी का भला नहीं होगा। सिर्फ अपने सिवाय। रील में अपनी वाह वाही के अलावा और कुछ भी नहीं है। नगर निगम को अपनी कार्यशैली में आमूल-चूल बदलाव करना होगा, लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी होगी और खुले में कचरा जलाने वालों पर भारी जुर्माना लगाना होगा।