गोवर्धन पूजा: रतलाम के श्री कालिका माता मंदिर में आस्था और परंपरा का अनूठा संगम

गोवर्धन पूजा: रतलाम के श्री कालिका माता मंदिर में आस्था और परंपरा का अनूठा संगम

⚫ महिलाओं ने की पर्यावरण और संस्कृति के संरक्षण की पहल

⚫ समृद्ध परंपराओं को अक्षुण्ण रखना हम सभी का नैतिक दायित्व : आशा उपाध्याय

हरमुद्दा
​रतलाम, 9 नवंबर। नगर के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध श्री कालिका माता मंदिर परिसर में सनातन संस्कृति और वर्षों पुरानी लोक-परंपराओं की जीवंत तस्वीर देखने को मिली। ​मंदिर परिसर में हुआ यह आयोजन केवल एक पूजा-अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारी धार्मिक चेतना, पर्यावरण प्रेम और सांस्कृतिक निरंतरता का एक सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।

अवसर था गोवर्धन पूजा का, जहां स्थानीय महिलाओं ने पवित्र गो-माता के गोबर से भगवान गोवर्धन की आकर्षक प्रतिमा निर्मित की और पूर्ण विधि-विधान व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन संपन्न किया।

समृद्ध परंपराओं को अक्षुण्ण रखना हम सभी का नैतिक दायित्व

​इस पावन अवसर पर भारतीय संस्कृति और उसके आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए आशा उपाध्याय ने कहा, "हमारी सनातन संस्कृति और समृद्ध परंपराओं को अक्षुण्ण रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। आज के आधुनिक दौर में यदि हम अपनी जड़ों से जुड़े रहेंगे, तभी हमारी आने वाली पीढ़ी इस अमूल्य धरोहर को आगे बढ़ा सकेगी।"
​भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन का उल्लेख करते हुए उन्होंने आगे कहा कि, "गोवर्धन लीला हमें यह महान प्रेरणा देती है कि जब समाज या अपने लोगों पर कोई विपत्ति आए, तो नेतृत्वकर्ता को विपरीत से विपरीत परिस्थितियों में भी ढाल बनकर खड़े रहना चाहिए—चाहे इसके लिए गोवर्धन पर्वत ही क्यों न उठाना पड़े। यह पर्व पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का भी संदेश देता है।"

सुख समृद्धि और प्रकृति रक्षा की हुई प्रार्थना

​सांस्कृतिक चेतना और महिला शक्ति का प्रतीक कार्यक्रम में नगर की महिलाओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में शोभा श्रेष्ठ, कीर्ति बक्षी, ज्योति उपाध्याय, चंदा राठौर एवं  सोनम प्रजापत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं सम्मिलित हुईं। सभी ने सामूहिक रूप से आरती उतारी, परिक्रमा की और समाज में सुख-समृद्धि तथा प्रकृति रक्षा की प्रार्थना की।