रतलाम में वायु प्रदूषण का तांडव : दीपावली की आतिशबाजी से दिल्ली से भी ज्यादा जहरीली हुई आबो-हवा
⚫ जहरीली हवा से सांसों पर संकट
⚫ रतलाम का AQI 480 के पार
⚫ बचाव के जरूरी उपाय
⚫ हेमंत भट्ट
रतलाम, 9 नवंबर। देश की राजधानी दिल्ली की 'बेहद खराब' हवा के चर्चे अक्सर सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इस बार मध्य प्रदेश का रतलाम शहर प्रदूषण के मामले में दिल्ली को भी पीछे छोड़ते हुए गंभीर वायु आपातकाल जैसी स्थिति में पहुंच गया है। दीपावली के पर्व पर शहर भर में हुई भीषण आतिशबाजी और शांत पड़ी हवाओं (धीमी पवन गति) के कारण रतलाम के आसमान पर धुएं और स्मॉग की मोटी परत जम गई है। दिवाली की रात जहां पटाखे चल रहे थे वहीं वायु प्रदूषण अपना तांडव कर रहा था। रतलाम की हुई जहरीली हवा से सांसों पर संकट आ गया है।

वायु निगरानी डैशबोर्ड्स के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 9 नवंबर की सुबह रतलाम का लाइव एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 480 के पार दर्ज किया गया, जो स्वास्थ्य के लिहाज से 'अत्यंत खतरनाक' (Hazardous) श्रेणी में आता है। वहीं दूसरी ओर, दिल्ली का औसत AQI 370 से 373 के बीच दर्ज किया गया था। इस तुलना से साफ है कि रतलाम की स्थिति दिल्ली से भी ज्यादा गंभीर हो चुकी है।

आतिशबाजी का कहर और प्रशासनिक बेरुखी
शहर में सूखे के दौर की दस्तक के बीच दीपावली की रात 7:30 बजे से देर रात तक निर्बाध रूप से पटाखे फोड़े गए। हवा की गति बेहद कम होने के कारण जहरीला धुआं आसमान की ओर ऊपर नहीं उठ सका और जमीन से महज कुछ मीटर की ऊंचाई पर जमा हो गया। देर रात से ही नागरिकों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में तकलीफ का सामना करना पड़ा।


नजर नहीं आई सतर्कता
हैरानी की बात यह रही कि शहर की बिगड़ती हवा को लेकर न तो जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की नींद खुली और ना ही प्रशासनिक अधिकारियों ने कोई सतर्कता दिखाई। प्रदूषण नियंत्रण या कम आतिशबाजी करने को लेकर समय रहते न कोई अपील जारी की गई और न ही ठोस कदम उठाए गए।
दिल्ली-NCR बनाम रतलाम: क्या कहते हैं आंकड़े?
रतलाम (9 नवंबर सुबह): AQI 480+ (अत्यंत खतरनाक)
दिल्ली (रात 9 से 11 बजे): AQI 370 - 373 (गंभीर)
नोएडा: 338 – 340 |
गाजियाबाद: 366 – 368
गुरुग्राम: 309 – 316 |
फरीदाबाद: 329 – 334
हवा में घुला सूक्ष्म कण PM2.5 दोनों ही शहरों में मुख्य प्रदूषक पाया गया, जो सांस के जरिए सीधे फेफड़ों और रक्तप्रवाह में प्रवेश कर गंभीर बीमारियां पैदा करता है।
जहरीली हवा के असर से बचने के लिए आमजन क्या करें?
जब तक शहर का वायुमंडल साफ नहीं हो जाता, तब तक बच्चों, बुजुर्गों और सांस/हृदय रोगियों की सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार नागरिकों को निम्नलिखित सावधानियां बरतनी चाहिए।
व्यक्तिगत सुरक्षा एवं मास्क का प्रयोग
⚫ शहर की आबो हवा के जहरीले होने पर डॉक्टर के सी अग्रवाल ने हरमुद्दा को बताया कि आमजनघर से बाहर निकलते समय N95 या N99 मास्क का उपयोग जरूर करें। साधारण कपड़े का मास्क सूक्ष्म कणों (PM2.5) को रोकने में सक्षम नहीं होता।
⚫ बाहर से आने के बाद आंखों को साफ पानी से धोएं और गुनगुने पानी से गरारे करें।
आउटडोर गतिविधियों को सीमित करें
⚫ सुबह और देर शाम की मॉर्निंग/इवनिंग वॉक पूरी तरह बंद रखें, क्योंकि इस दौरान स्मॉग की परत जमीन के सबसे करीब और जहरीली होती है।
⚫ बच्चों और बुजुर्गों को घर के अंदर ही रहने दें और खिड़की-दरवाजे बंद रखें।
घर के अंदर की हवा को साफ रखें
⚫ घर में झाड़ू लगाने के बजाय गीले पोंछे का इस्तेमाल करें ताकि धूल हवा में न उड़े।
⚫ अगर संभव हो तो बंद कमरों में एयर प्यूरीफायर का उपयोग करें।
⚫ मनी प्लांट, स्नेक प्लांट या एलोवेरा जैसे इनडोर पौधे लगाएं जो हवा को शुद्ध करने में मदद करते हैं।
खान-पान और प्राकृतिक उपचार
⚫ शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकालने के लिए पर्याप्त मात्रा में गुनगुना पानी पिएं।
⚫ एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर आहार लें—जैसे गुड़, अदरक, तुलसी की चाय, हल्दी वाला दूध और विटामिन-C युक्त फल (संतरा, आंवला), जो फेफड़ों की कार्यक्षमता बढ़ाते हैं।
रात को सोने से पहले भाप (Steam) लें ताकि श्वसन नली में जमा धुआं और गंदगी साफ हो सके।
जिम्मेदार तंत्र को यह करना जरूरी
पर्यावरण की डॉक्टर खुशाल सिंह पुरोहित बताया कि मुद्दे की बात तो यह है कि आमजन की सेहत से सरोकार का रखते हुए शहर की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए अब यह अनिवार्य हो गया है कि नागरिक स्वयं अपनी सेहत के प्रति सतर्क रहें और जिम्मेदार तंत्र भी जल्द से जल्द सड़कों पर पानी के छिड़काव और एंटी-स्मॉग गन जैसी व्यवस्थाएं शुरू करे।
Hemant Bhatt