रतलाम : जनसेहत से खिलवाड़ की आशंका, 38 हजार लीटर दूध के लिए सैंपल, 6.57 लाख का 20 क्विंटल मिल्क पाउडर जब्त

रतलाम : जनसेहत से खिलवाड़ की आशंका, 38 हजार लीटर दूध के लिए सैंपल, 6.57 लाख का 20 क्विंटल मिल्क पाउडर जब्त

⚫ मिल्क चिलिंग सेंटर पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

⚫ मुंबई जाने वाले 38 हजार लीटर दूध के लिए सैंपल

⚫ दूध में एसएनएफ बढ़ाने के लिए हो रहा था पाउडर का इस्तेमाल

हरमुद्दा
​रतलाम, 13 नवंबर। आमजन की सेहत और शुद्ध खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजस्व विभाग एवं खाद्य सुरक्षा प्रशासन की संयुक्त टीम ने आलोट के दूधिया फंटा स्थित 'महाकालेश्वर मिल्क चिलिंग सेंटर' पर आकस्मिक छापामार कार्रवाई की। मुंबई भेजे जाने वाले हजारों लीटर दूध की गुणवत्ता पर संदेह के चलते प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है।

कार्रवाई के दौरान टीम ने प्लांट में मुंबई भेजने के लिए संग्रहित किए गए भारी मात्रा में दूध की जांच की। एक साइलो में 25 हजार लीटर टोंड दूध और दूसरे साइलो में 13 हजार लीटर सपरेटा (स्किम्ड) दूध पाया गया। आम उपभोक्ताओं की सेहत से किसी भी तरह का समझौता न हो, इसके लिए टीम ने दोनों साइलो से दूध के नमूने लेकर जांच के लिए सुरक्षित किए।

दूध की गुणवत्ता बढ़ाने में हो रहा था पाउडर का उपयोग

जांच के दौरान परिसर में 'बी.जी. चितले डेयरी, सांगली (महाराष्ट्र)' के नाम से स्किम्ड मिल्क पाउडर के 25-25 किलोग्राम के 83 पैकेट (कुल 2,075 किलोग्राम) बरामद हुए। पूछताछ में प्लांट के मैनेजर मनोहर धनगर ने स्वीकार किया कि इस पाउडर का उपयोग दूध में एसएनएफ (सॉलिड नॉट फैट) की मात्रा बढ़ाने के लिए किया जा रहा था।

कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी

प्रशासनिक टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्किम्ड मिल्क पाउडर का नमूना भी जांच के लिए लिया। साथ ही, बाजार मूल्य के अनुसार करीब 6 लाख 57 हजार रुपये कीमत के इस पूरे स्टॉक को जब्त कर आगामी वैधानिक कार्रवाई तक मैनेजर मनोहर धनगर की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है।

प्रशासन की मुस्तैदी

मिलावटखोरी के खिलाफ इस मुहिम के तहत नमूने लेने की पूरी प्रक्रिया खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा एवं ज्योति बघेल द्वारा संपन्न की गई। सभी सैंपल राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं, जिनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधितों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यहां मिलाने का अधिकार नहीं

दूध पाउडर जो जब्त किया गया है, वह यहां पर मिलाने का उनका अधिकार नहीं है। जहां पर दूध की पैकिंग होती है, वहीं पर मिलने का प्रावधान है। दूध पैकिंग का प्लांट इनका मुंबई में है। फिलहाल पाउडर को जब्त गया है। आगे की कार्रवाई की जाएगी।

⚫ कमलेश जमरा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, रतलाम