धर्म, संस्कृति और कला का अद्भुत त्रिवेणी संगम

धर्म, संस्कृति और कला का अद्भुत त्रिवेणी संगम

⚫ जोधपुर की कथा में छाई रतलाम की बेटी साधना ओझा की कला

हरमुद्दा
​जोधपुर / रतलाम, 18 नवंबर। जोधपुर की पावन धरा पर इन दिनों परम पूज्य स्वामी अवधेशानंद गिरी जी महाराज के सान्निध्य में भव्य श्री राम कथा का आयोजन हो रहा है। इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में धर्म और अध्यात्म के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और कला का भी एक अत्यंत मनमोहक दृश्य देखने को मिला, जब रतलाम की बेटी और जोधपुर निवासी, बैंक से सेवानिवृत्त कलाकार साधना ओझा ने अपनी तूलिका से स्वामी जी का जीवंत चित्र उकेर कर उन्हें भेंट किया।

​प्रेरणा से परवान चढ़ी कला

​इस पूरी कलात्मक प्रस्तुति के पीछे एक दिलचस्प और प्रेरणादायी संयोग रहा। कथा श्रवण करने पहुँचे रतलाम के ही एक अन्य बैंक से सेवानिवृत्त अधिकारी तरणी प्रकाश व्यास ने साधना ओझा की कलात्मक प्रतिभा को पहचाना और उन्हें स्वामी जी की पेंटिंग बनाने की प्रेरणा दी। व्यास जी के इस सुझाव को साधना ने अपनी कला के प्रति सच्ची निष्ठा के साथ स्वीकार किया।

​मात्र दो दिन में तैयार किया जीवंत चित्र

​रतलाम की संस्कारित माटी से जुड़ीं और वर्तमान में जोधपुर में रह रहीं साधना ओझा ने अपनी कला साधना का परिचय देते हुए मात्र दो दिन के अल्प समय में परम पूज्य स्वामी अवधेशानंद गिरी जी महाराज का एक अत्यंत आकर्षक और सजीव पोर्ट्रेट तैयार किया।

​स्वामी जी ने की सराहना, मिला आशीर्वाद

​बुधवार को कथा स्थल पर साधना ओझा ने अपने हाथों से बनाई गई इस पेंटिंग को स्वामी अवधेशानंद गिरी जी महाराज को सादर भेंट किया। स्वामी जी ने चित्र की सूक्ष्मता, भाव और कलात्मक सुंदरता की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कलाकार साधना ओझा को उनकी इस अनूठी कला के लिए आशीर्वाद दिया और उनके उज्जवल भविष्य के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
​धार्मिक अनुष्ठान और कला का यह समन्वय यह साबित करता है कि जब सच्ची श्रद्धा, प्रेरणा और कला का मिलन होता है, तो वह क्षण इतिहास के पन्नों में अमर हो जाता है।