नकली शराब पर नकेल: नकली शराब के कारोबार पर चोट करने कबाड़ गोदामों पर दी दबिश, कबाड़ियों को सख्त हिदायत
⚫ जनस्वास्थ्य की सुरक्षा में आबकारी विभाग की पहल
⚫ खाली बोतलों के दुरुपयोग को रोकने मैदान में उतरा आबकारी अमला
⚫ सार्वजनिक स्थानों पर भी कार्रवाई
हरमुद्दा
रतलाम, 16 नवंबर। जहरीली और अवैध शराब के निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन और आबकारी विभाग ने एक अनूठी व सख्त पहल शुरू की है। अक्सर नकली शराब माफिया ब्रांडेड और देशी मदिरा की खाली बोतलों व पाव का इस्तेमाल कर आमजन की जान से खिलवाड़ करते हैं। इसी सामाजिक सरोकार और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर अजय कटेसरिया के आदेश तथा सहायक आबकारी आयुक्त विकास मण्डलोई के मार्गदर्शन में विभाग ने शहर के कबाड़ गोदामों पर विशेष जांच अभियान चलाया।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोहर खरे के नेतृत्व में गठित टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कबाड़ एकत्रित करने वाले व्यापारियों के गोदामों पर दबिश दी। टीम ने गोदामों में जमा देशी और विदेशी मदिरा की खाली बोतलों व पाव के स्टॉक की बारीकी से जांच की। इस दौरान कबाड़ व्यापारियों को स्पष्ट समझाइश दी गई कि यदि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या समूह उनसे बड़ी मात्रा में शराब की खाली बोतलें खरीदने के लिए संपर्क करता है, तो वे तुरंत विभाग द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर इसकी सूचना दें। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि इन खाली बोतलों का दोबारा इस्तेमाल अवैध या नकली शराब की पैकिंग में न हो सके, जिससे किसी भी संभावित जनहानि को रोका जा सके।
अवैध मदिरापान कराने वालों पर भी गिरी गाज

कबाड़ गोदामों की जांच के साथ-साथ आबकारी टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया। टीम ने सैलाना ओवर ब्रिज स्थित मदिरा दुकान के आसपास दबिश देकर अवैध रूप से मदिरापान कराने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की। इस दौरान आबकारी अधिनियम की धारा 36 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए, ताकि आम राहगीरों और स्थानीय निवासियों को असामाजिक तत्वों से राहत मिल सके।
टीम की सराहनीय भूमिका
जनहित और अवैध मदिरा की रोकथाम से जुड़ी इस संपूर्ण कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक पुष्पराज सिंह, सचिन भास्करे, प्रधान आरक्षक बनसिंह अहरे, रामचरण पवार, आबकारी आरक्षक वरुण चौहान तथा नगर सैनिक चेतराम मालवीय और श्रवण कुमार मकवाना की सक्रिय भूमिका रही।
Hemant Bhatt