अमानक ब्रेकरों पर कलेक्टर सख्त: अधिकारियों से कहा- खुद एंबुलेंस में सफर कर मरीजों का दर्द करें महसूस करें

अमानक ब्रेकरों पर कलेक्टर सख्त: अधिकारियों से कहा- खुद एंबुलेंस में सफर कर मरीजों का दर्द करें महसूस करें

⚫ ढाई महीने बाद हरमुद्दा के मुद्दे पर दिया ध्यान

⚫ ​अमानक स्पीड ब्रेकरों पर भड़के कलेक्टर अजय कटेसरिया

⚫ एमपीआरडीसी अधिकारियों को लगाई फटकार

⚫ ​रतलाम से सैलाना और ढोढर तक एंबुलेंस से यात्रा कर फोटो-वीडियो साझा करने के दिए निर्देश

⚫​ महू-नीमच रोड पर हो रहे हैं जिले के 55 प्रतिशत सड़क हादसे, सुरक्षा उपाय बढ़ाने पर जोर

हरमुद्दा
​रतलाम, 16 नवंबर। हरमुद्दा डॉट कॉम ने 7 जुलाई 2026 को आमजन की पीड़ा को व्यक्त करने वाले समाचार को प्रमुखता से प्रसारित किया था। उसे दौरान तत्कालीन कलेक्टर मिशा सिंह भी गर्भवती थी। इसके 20 से 25 दिन बाद ही उनका तबादला हो गया। 

नवागत कलेक्टर के ध्यान में आया अब

5 अगस्त 26 को नवागत कलेक्टर अजय कटेसरिया ने पदवार ग्रहण किया था। इस मुद्दे पर ढाई महीने बाद संज्ञान लिया गया।

⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫

आखिर क्या चाहते हैं जिम्मेदार : कलेक्टर ऑफिस के सामने ही 'हादसों का जाल' गर्भवती महिलाओं के लिए खतरा

⚫ फोरलेन पर बिछा दिए 6-6 स्पीड ब्रेकर

⚫ अधिकारी मस्त, जनता पस्त!

⚫ स्पाइन और स्लिप डिस्क को लेकर मरीजों की संख्या में हो रही वृद्धि

https://harmudda.com/What-exactly-do-the-authorities-want-A-web-of-hazards-right-in-front-of-the-Collector-s-office-poses-a-danger-to-pregnant-women

⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫

सड़कों पर बेतरतीब और अमानक तरीके से बनाए गए स्पीड ब्रेकरों के कारण आमजन व गंभीर मरीजों को हो रही असहनीय पीड़ा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर अजय कटेसरिया ने एमपीआरडीसी (MPRDC) के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताते हुए उन्हें अनूठा निर्देश दिया। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि वे स्वयं एंबुलेंस में बैठकर रतलाम से सैलाना और रतलाम से ढोढर तक की यात्रा करें, ताकि उन्हें यह अहसास हो सके कि इन बड़े ब्रेकरों से गुजरते समय मरीजों को कितनी तकलीफ और दर्द से गुजरना पड़ता है। उन्होंने इस यात्रा के फोटो और वीडियो साझा करने के निर्देश भी दिए हैं, जिसकी अगली बैठक में समीक्षा की जाएगी।

पांच की जगह दो ब्रेकर पर्याप्त, छह इंच ऊंचे ब्रेकर न बनें

बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि मुख्य मार्गों पर अनावश्यक स्पीड ब्रेकर नहीं होने चाहिए और केवल साइड रोड पर ही आवश्यकतानुसार इनका निर्माण किया जाए। उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर पांच-पांच ब्रेकर बनाने के बजाय केवल दो मानक ब्रेकर पर्याप्त हैं। पूर्व में निर्देश दिए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई न होने पर कलेक्टर ने एमपीआरडीसी के एजीएम मानवेंद्र कनेश और टोल मैनेजर आशीष मिश्रा से ब्रेकर निर्माण का औचित्य पूछा, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक 15 स्थानों पर ही सुधार कार्य हुआ है, जबकि करीब 100 स्थानों पर कार्य शेष है। कलेक्टर ने सख्त हिदायत दी कि ब्रेकरों की ऊंचाई छह इंच जितनी अधिक न हो और इनका एंगल सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप रखा जाए।

महू-नीमच रोड पर सर्वाधिक हादसे, 8-लेन पर लगेंगे चेतावनी बोर्ड

बैठक में यह चिंताजनक तथ्य सामने आया कि जिले में होने वाली कुल सड़क दुर्घटनाओं में से लगभग 55 प्रतिशत हादसे अकेले महू-नीमच मार्ग पर हो रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने पुलिस और संबंधित विभागों को इस मार्ग पर विशेष सतर्कता बरतने, सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, एनएचएआई (NHAI) के अधिकारियों को 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर आवश्यक साइन बोर्ड लगाने को कहा गया है। इन बोर्डों पर वाहन चालकों को नींद या झपकी आने से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति सचेत करने वाले संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे।

यह थे मौजूद

​बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।