शख्सियत : भारतीय शास्त्रीय नृत्य, वादन, गायन एवं लोककला स्कूल, कॉलेज के पाठ्यक्रम का बने अनिवार्य हिस्सा

भारतीय शास्त्रीय कलाएं केवल मनोरंजन या मंचीय प्रस्तुति का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके पीछे सदियों का इतिहास, गहन अध्ययन और एक समृद्ध दार्शनिक परंपरा जुड़ी हुई है। भारतीय शास्त्रीय नृत्य, संगीत और वादन,  प्रत्येक विधा का विशिष्ट शैली और व्याकरण है। इनके माध्यम से हमारी संस्कृति, धार्मिक एवं आध्यात्मिक मान्यताओं, साहित्य और ऐतिहासिक परंपराओं को समझने का अवसर मिलता है।

शख्सियत : भारतीय शास्त्रीय नृत्य, वादन, गायन एवं लोककला स्कूल, कॉलेज के पाठ्यक्रम का बने अनिवार्य हिस्सा

⚫ कथक नृत्यांगना अनन्या का कहना

⚫ नरेंद्र गौड़

 ’’भारतीय शास्त्रीय कलाएं हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक परंपरा का अभिन्न अंग हैं, जिस प्रकार विद्यार्थियों को भारतीय इतिहास, साहित्य, संस्कृति सहित अन्य विषयों की शिक्षा दी जाती है, उसी प्रकार भारतीय शास्त्रीय नृत्य, संगीत और अन्य पारंपरिक कला विधाओं को भी पाठ्यक्रम में अकनिवार्य रूप से शामिल किया जाना चाहिए। आज के समय में यह और भी आवश्यक हो गया है कि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से परिचित हो।’’ 

कथक नृत्यांगना अनन्या गौड़

यह बात देश-विदेश में नृत्य प्रस्तुतियों के जरिए भारतीय नृत्य का प्रचार-प्रसार कर रही सुश्री अनन्या गौड़ ने कही। उनका कहना था कि भारतीय शास्त्रीय कलाएं केवल मनोरंजन या मंचीय प्रस्तुति का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके पीछे सदियों का इतिहास, गहन अध्ययन और एक समृद्ध दार्शनिक परंपरा जुड़ी हुई है। भारतीय शास्त्रीय नृत्य, संगीत और वादन,  प्रत्येक विधा का विशिष्ट शैली और व्याकरण है। इनके माध्यम से हमारी संस्कृति, धार्मिक एवं आध्यात्मिक मान्यताओं, साहित्य और ऐतिहासिक परंपराओं को समझने का अवसर मिलता है।

शिक्षा के पाठ्यक्रम में शास्त्रीय कलाओं का समावेश आवश्यक

 एक सवाल के जवाब में अनन्या जी ने बताया कि आज इंटरनेट और सोशल मीडिया के दौर में विद्यार्थियों को लोकप्रिय संगीत, फिल्मी गीतों और विभिन्न आधुनिक कला शैलियों की जानकारी सहज रूप से मिल जाती है, लेकिन जब बात भारतीय शास्त्रीय संगीत, नृत्य या वादन की होती है, तो आमतौर पर लोगों को इनके बारे में उतनी जानकारी नहीं होती। कई बार शास्त्रीय प्रस्तुति को देखने या सुनने के बावजूद दर्शक उसकी शैली, तकनीक, राग, ताल और उसके पीछे छिपे भावों को समझ नहीं पाते। इसका एक प्रमुख कारण बचपन से ही इन कलाओं से उनका परिचय और जुड़ाव नहीं होना है।

कम उम्र सांस्कृतिक विरासत की जानकारी जरूरी

 अनन्या जी का मानना है कि यदि स्कूलों और कॉलेजों के पाठ्यक्रम में भारतीय शास्त्रीय कलाओं को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए तो विद्यार्थियों को कम उम्र से ही अपनी सांस्कृतिक विरासत को जानने और समझने का अवसर मिलेगा। इससे न केवल कला के प्रति उनकी रुचि विकसित होगी, बल्कि वे भारतीय इतिहास और परंपराओं के विभिन्न पहलुओं से भी परिचित होंगे। इनका कहना है कि शास्त्रीय कलाओं का ज्ञान केवल उन विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, जो भविष्य में इस क्षेत्र को अपना करियर बनाना चाहते हैं। यह जानकारी आम विद्यार्थियों और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचनी चाहिए क्योंकि ये कलाएं हमारी सामूहिक सांस्कृतिक धरोहर हैं।

अकादमिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं

अनन्या जी ने आगे कहा कि आधुनिक शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है। शास्त्रीय कलाओं का नियमित अभ्यास उनमें अनुशासन, एकाग्रता, धैर्य, रचनात्मकता और संवेदनशीलता जैसे गुणों का विकास करता है। इसलिए इन कलाओं को केवल वैकल्पिक गतिविधि या वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय शिक्षा की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

गहन अभ्यास और परंपरा का महत्व

 अनन्या जी ने बताया कि भारतीय शास्त्रीय नृत्य और संगीत की प्रत्येक विधा को सीखने के लिए वर्षों गहन अभ्यास, समर्पण और नियमों के पालन की आवश्यकता होती है। कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी, कुचिपुड़ी जैसी नृत्य शैलियों के साथ-साथ हिंदुस्तानी एवं कर्नाटक शास्त्रीय संगीत और पारंपरिक वादन विधाओं सहित लोककलाओं का अपना विशिष्ट व्याकरण और प्रशिक्षण पद्धति है। इन कलाओं को केवल देखकर या सुनकर पूरी तरह समझ पाना संभव नहीं है, बल्कि इनके पीछे की परंपरा और तकनीक को जानना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारतीय शास्त्रीय कलाएं हमारे पूर्वजों की अमूल्य धरोहर हैं। यदि नई पीढ़ी को समय रहते इनसे परिचित नहीं कराया गया और इनके संरक्षण के लिए शिक्षा के स्तर पर प्रयास नहीं किए गए, तो आने वाले समय में इन परंपराओं से समाज का जुड़ाव कमजोर हो सकता है। इसलिए यह आवश्यक है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के शुरुआती वर्षों से ही इन कलाओं का परिचय दिया जाए और उन्हें अपनी रुचि के अनुसार इनके अभ्यास एवं अध्ययन के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

सोशल मीडिया के दौर में नृत्य मनोरंजन का साधन

 एक सवाल के जवाब में अनन्या जी ने कहा कि रील और सोशल मीडिया के दौर में नृत्य तेजी से मनोरंजन का लोकप्रिय माध्यम बनता जा रहा है। विभिन्न नृत्य शैलियों और संगीत की लोकप्रियता के बीच भारतीय शास्त्रीय और लोक नृत्य को अपनी पहचान और सम्मान बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करने पड़ रहे हैं। सोशल मीडिया ने नृत्य को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने का अवसर अवश्य दिया है, लेकिन इसके साथ ही यह भी जरूरी है कि दर्शकों को शास्त्रीय कलाओं के मूल स्वरूप, उनकी परंपरा और विशेषताओं की जानकारी मिले। एक सवाल के जवाब में इन्होंने कहा कि ’’भारतीय नृत्य कलाकारों पंडित राजेंद्र गंगनी, पंडित बिरजू महाराज, अच्छन महाराज, शंभू महाराज, गोपीकृष्ण के नाम आदर से लिए जाते हैं। वहीं भरतनाट्यम में रुक्मिणी देवी अरुंडेल, यामिनी कृष्णमूर्ति, पद्मा सुब्रह्मण्यम, अलारमेल वल्ली, लीला सैमसन, मल्लिका साराभाई, सुधा चंद्रन आदि ने नृत्य की जिन ऊंचाइयों को छुआ है, मैं भी वही कीर्तिमान स्थापित करने का निरंतर प्रयास कर रही हूं।’’ 

देश-विदेश के दो सौ से अधिक मंचों पर नृत्य प्रस्तुति

रतलाम में 30 अगस्त 2002 को श्री अनुराग एवं श्रीमती कल्पना के यहां जन्मी अनन्या जी जयपुर घराने के प्रसिद्ध गुरु पंडित राजेंद्र कुमार गंगानी की शिष्या हैं।
इन्होंने प्रारंभिक नृत्य शिक्षा उज्जैन में गुरु श्रीमती पद्मजा रघुवंशी से प्राप्त की, इसके बाद राजा मानसिंह तोमर विश्वविद्यालय से कथक में स्नातकोत्तर तथा कथक केंद्र, नई दिल्ली से डिप्लोमा ऑनर्स किया। आप सीसीआरटी छात्रवृत्ति प्राप्तकर्ता हैं और दूरदर्शन से आर्टिस्ट ग्रेडिंग भी हासिल कर चुकी हैं। आपने दिल्ली विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में स्नातक किया है। आप देश विदेश के 200 से अधिक प्रतिष्ठित मंचों मसलन स्पेन, नेपाल, दिल्ली, वाराणसी, पुणे, बेंगलुरु, केरल, उज्जैन और मुंबई आदि स्थानों के खचाखच भरे सभागारों में प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर चुकी हैं। उल्लेखनीय है कि आप ‘कलावर्ण’ कथक डांस कंपनी की सह-संस्थापक भी हैं, जो कथक नृत्य को समकालीन परिप्रेक्ष्य में आगे बढ़ाने के लिए समर्पित है। इन दिनों आप बेंगलुरु में रहते हुए देश-विदेश में कथक नृत्य प्रदर्शन और प्रशिक्षण के माध्यम से गुरु शिष्य परंपरा को समर्पण के भाव से आगे बढ़ाने के लिए कृत संकल्प हैं।