जनहित का बड़ा फैसला : वर्षों बाद हटेगी गुलाब चक्कर की बैरिकेडिंग

जनहित का बड़ा फैसला : वर्षों बाद हटेगी गुलाब चक्कर की बैरिकेडिंग

⚫ आमजन के लिए फिर खुलेगा सुगम रास्ता

⚫ ​कई वर्ष पहले रुका था रास्ता, अब मिली राहत

⚫​ सांस्कृतिक आयोजनों और जनसुविधा को देखते हुए लिया निर्णय

⚫ जनप्रतिनिधियों ने भी ध्यान नहीं दिया इस मुद्दे पर

हरमुद्दा
​रतलाम, 16 नवंबर। शहर के हृदय स्थल और नवश्रृंगारित गुलाब चक्कर परिसर के आसपास वर्षों से लगी बैरिकेडिंग को हटाने का रास्ता साफ हो गया है। जनहित और आम नागरिकों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए कलेक्टर अजय कटेसरिया ने नगर निगम आयुक्त को तत्काल प्रभाव से परिसर के आसपास लगाए गए बैरिकेड्स हटाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन के इस संवेदनशील निर्णय से शहरवासियों को वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

कलेक्टर अजय कटेसरिया

कई वर्ष पहले रुका था रास्ता, अब मिली राहत

उल्लेखनीय है कि काफी वर्ष पहले तत्कालीन प्रशासनिक व्यवस्था के तहत गुलाब चक्कर के आसपास बैरिकेड्स लगाकर मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया था। इसके बाद जिले में कई कलेक्टर आए और स्थानांतरित होकर चले गए, लेकिन आम जनता की इस व्यावहारिक परेशानी की ओर किसी का ध्यान नहीं गया और बैरिकेड्स जस के तस लगे रहे। जनप्रतिनिधियों ने भी इस मुद्दे की ओर ध्यान नहीं दिया। रास्ता बंद होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को प्रतिदिन अनावश्यक रूप से लंबा चक्कर लगाकर गुजरना पड़ता था।

सांस्कृतिक आयोजनों और जनसुविधा को देखते हुए लिया निर्णय

वर्तमान में नवश्रृंगारित गुलाब चक्कर परिसर शहर की सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां प्रतिदिन विभिन्न सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल होते हैं। कार्यक्रमों में आने-जाने वाले नागरिकों, बुजुर्गों और परिवारों को बैरिकेडिंग के कारण काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।

कलेक्टर ने समझी आमजन की पीड़ा

कलेक्टर अजय कटेसरिया ने आमजन की इसी पीड़ा और सुगम यातायात की आवश्यकता को समझते हुए नगर निगम आयुक्त को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनहित को ध्यान में रखते हुए बैरिकेड्स हटाए जाएं, ताकि नागरिकों को आवागमन में पूरी सहूलियत मिल सके और किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो।

शहरवासियों ने की पहल की सराहना

प्रशासन के इस जनहितैषी कदम का क्षेत्र में रहने वाले पेंशनर प्रमोद राघव एवं हरीश सुरोलिया सहित आम नागरिकों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि वर्षों पुरानी इस समस्या के समाधान से न केवल गुलाब चक्कर क्षेत्र की रौनक और पहुंच आसान होगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव भी कम होगा।