दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, परिवार के मुखिया साबिर की मौत
⚫ ब्रिज से 30 फीट नीचे गिरी कार
⚫ घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी
⚫ मुंबई से पैतृक घर कानपुर जा रहा था परिवार
हरमुद्दा
रतलाम, 17 नवंबर। दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुंबई से कानपुर जा रहे एक परिवार की होंडा सिटी कार अनियंत्रित होकर ब्रिज से करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में परिवार के मुखिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा मंगलवार (17 नवंबर) की सुबह करीब 5:30 बजे शिवगढ़ थाना क्षेत्र के वालारुंडी के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, कार (MH 34 AT 8414) तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित हो गई। कार सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर और लोहे की रेलिंग (पतरा) को तोड़ते हुए सीधे ब्रिज से नीचे जा गिरी। इस पूरे हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार को बेकाबू होकर नीचे गिरते हुए देखा जा सकता है।
मुंबई से पैतृक घर कानपुर जा रहा था परिवार
मृतक की पहचान 60 वर्षीय साबिर पिता हसन अली के रूप में हुई है। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले थे और वर्तमान में मुंबई के मीरा रोड इलाके में निवास कर रहे थे। सोमवार शाम करीब 4 बजे वे अपनी पत्नी नसीम (45) और दोनों बेटों सैफ (30) व जैद (25) के साथ कार से कानपुर के लिए रवाना हुए थे।
घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। एम्बुलेंस की सहायता से सभी को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने साबिर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल पत्नी नसीम और दोनों बेटों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Hemant Bhatt