सेहत सरोकार : अब श्री कालिका माता परिसर में नाड़ी देखकर होगा सटीक रोग निदान, मिलेंगी निःशुल्क दवाइयां
⚫ रियासतकालीन 'राज वैद्य' परंपरा के पुश्तैनी ज्ञान से आमजन को मिलेगी राहत
⚫ सोमवार से शनिवार सुबह 8 से 10:30 बजे तक निःशुल्क परामर्श व औषधि वितरण
हरमुद्दा
रतलाम, 18 नवंबर। महंगी जांचों और आधुनिक चिकित्सा के दौर में आमजन को सहज, सुलभ और सटीक स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर के आस्था केंद्र कालिका माता मंदिर परिसर में एक सराहनीय पहल की शुरुआत हुई है। श्री कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट द्वारा 18 नवंबर से 'निःशुल्क नाड़ी परीक्षण एवं रोग निदान सेवा प्रकल्प' प्रारंभ किया गया है। इस प्रकल्प के माध्यम से शहरवासियों को बिना किसी भारी-भरकम मेडिकल जांच के, प्राचीन नाड़ी विज्ञान की मदद से बीमारियों का सटीक निदान, उचित स्वास्थ्य परामर्श और निःशुल्क औषधियों का लाभ मिल सकेगा।
कब और कहां मिलेगा स्वास्थ्य लाभ?
आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा सोमवार से शनिवार तक प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से 10:30 बजे तक संचालित की जाएगी। इच्छुक मरीज कालिका माता मंदिर परिसर में गरबा ग्राउंड स्थित फिजियोथेरेपी सेंटर के समीप पहुंचकर इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। यहां प्रशिक्षित नाड़ी परीक्षकों की टीम मरीजों की नाड़ी की गति और प्रकृति को परखकर रोग की जड़ तक पहुंचेगी और आवश्यकतानुसार उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी वितरित करेगी।
रियासतकालीन 'राज वैद्य' की विरासत से जुड़ेगा शहर
इस स्वास्थ्य प्रकल्प की सबसे बड़ी विशेषता इसकी प्रामाणिकता और पुश्तैनी चिकित्सा ज्ञान है। शिविर में मरीजों को मुख्य नाड़ी वैद्य श्री मनीष शर्मा की विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ मिलेगा। श्री शर्मा प्राचीन रियासत 'काछी बड़ौदा' के ख्यातनाम राज वैद्य आचार्य श्री नारायण प्रसाद उपाध्याय के नाती हैं। वे अपने नाना की नाड़ी विज्ञान में महारत और सदियों पुरानी प्रामाणिक चिकित्सा परंपरा को जनसेवा के इस प्रकल्प के माध्यम से आगे बढ़ा रहे हैं, जिससे जटिल और पुराने रोगों से जूझ रहे मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सेवाभावी टीम का हुआ सम्मान
सेवा प्रकल्प के शुभारंभ अवसर पर श्री कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट के अध्यक्ष राजाराम मोतियानी, काकानी सोशल वेलफेयर सोसायटी के सचिव गोविंद काकानी एवं सुनीता काकानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने मुख्य नाड़ी वैद्य श्री मनीष शर्मा सहित उनकी पूरी सहयोगी टीम—सुश्री अस्मि शर्मा, श्रीमती चांदनी फुलवानी और श्री हितेंद्र जोशी—का अंग वस्त्र और पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत व सम्मान किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी और सदस्यगण भी मौजूद रहे।
Hemant Bhatt