धर्म, संस्कृति और सनातन मूल्यों का शंखनाद करेंगे स्वामी अवधेशानंद गिरि
⚫ दशहरा मैदान जोधपुर में श्रीराम कथा का भव्य आयोजन
⚫ वैश्विक स्तर पर सनातन संस्कृति का प्रसार
⚫ श्रद्धालुओं से सहभागिता का आह्वान
हरमुद्दा
जोधपुर, 13 अगस्त। सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक चेतना को जीवंत रखने के संकल्प के साथ सूर्यनगरी जोधपुर में सात दिवसीय भव्य श्रीराम कथा महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। प्रभु प्रेमी संघ, जोधपुर (राजस्थान) के तत्वावधान में आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान केवल कथा वाचन तक सीमित न रहकर, सनातन संस्कृति, मर्यादा, और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का एक विराट माध्यम बनेगा।

प्रभु प्रेमी संघ के बैनर तले 13 नवंबर से 19 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस पावन महोत्सव में जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर परम पूज्य श्री स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज अपने श्रीमुख से भगवान श्रीराम के आदर्शों की अमृतवर्षा करेंगे। कार्यक्रम प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक दशहरा मैदान (रावण का चबूतरा, 12वीं रोड, जोधपुर) में आयोजित किया जाएगा।
धर्म और मर्यादा का संदेश
वर्तमान समय में जब भौतिकतावाद के बीच सांस्कृतिक क्षरण की चुनौतियां सामने आ रही हैं, ऐसे में यह कथा सनातन धर्म के मूल सिद्धातों—त्याग, कर्तव्य-निष्ठा, मातृ-पितृ भक्ति और भ्रातृ प्रेम—को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करेगी। स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज के ओजस्वी एवं आध्यात्मिक विचारों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर एक आदर्श समाज के निर्माण का मार्ग प्राप्त होगा।
वैश्विक स्तर पर सनातन संस्कृति का प्रसार
आयोजकों के अनुसार, इस धार्मिक आयोजन का विस्तार केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहेगा। देश-विदेश में बसे श्रद्धालुओं को इस आध्यात्मिक प्रवाह से जोड़ने के लिए कथा का सीधा प्रसारण संस्कार टीवी चैनल पर किया जाएगा। इसके माध्यम से सनातन धर्म की समृद्ध परंपरा और श्रीराम कथा का संदेश वैश्विक मंच तक पहुँचेगा।
श्रद्धालुओं से सहभागिता का आह्वान
प्रभु प्रेमी संघ, जोधपुर ने संपूर्ण समाज एवं धर्मानुरागियों से अपील की है कि वे इस भव्य आध्यात्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करें। यह आयोजन पश्चिमी राजस्थान में धर्म और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर सिद्ध होगा।
Hemant Bhatt