धर्म संस्कृति : "श्रीराम कथा" के पोस्टर एवं निमंत्रण पत्र का हुआ विमोचन
⚫ जूनापीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी महाराज ने कहा "सांस्कृतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना का सामर्थ्यवान माध्यम"
⚫ 13 से 19 नवंबर तक होगा आयोजन
हरमुद्दा
नई दिल्ली / जोधपुर, 24 सितंबर। भारतीय सनातन धर्म, संस्कृति एवं आध्यात्मिक चेतना के संवर्धन हेतु छतरपुर (नई दिल्ली) स्थित "प्रभु श्री विहार" में एक अत्यंत गरिमामय एवं पावन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। "प्रभु प्रेमी संघ" जोधपुर (राजस्थान) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली आगामी भव्य "श्रीराम कथा" के आधिकारिक पोस्टर एवं निमंत्रण पत्र का जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर पूज्यपाद श्री स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी महाराज ("पूज्य आचार्यश्री जी") के पावन कर-कमलों द्वारा भावपूर्ण विमोचन किया गया।

धर्मनिष्ठ तरनी प्रकाश व्यास ने हरमुद्दा को बताया कि जोधपुर (राजस्थान) की पावन धरा पर इस भव्य श्रीराम कथा का आयोजन आगामी 13 से 19 नवम्बर, 2026 तक किया जा रहा है। कथा के दौरान पूज्य आचार्यश्री जी के श्रीमुख से प्रभु श्री राम के दिव्य चरित्र, आदर्शों एवं जीवन मूल्यों की रसधार बहेगी, जिससे समस्त क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होगा।
सांस्कृतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना का सामर्थ्यवान माध्यम
लोकार्पण के इस पावन अवसर पर पूज्य महाराज श्री ने आयोजन समिति को अपना दिव्य आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि श्रीराम कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में सद्भाव, सदाचार और सांस्कृतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना का सामर्थ्यवान माध्यम है।

यह रहे मौजूद
इस गरिमामयी क्षण के साक्षी बनने के लिए "प्रभु प्रेमी संघ", जोधपुर के पदाधिकारी एवं प्रमुख समाजसेवी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कुन्दन लाल सोनी (संयोजक), महेन्द्र प्रकाश (अध्यक्ष), अनिल बोड़ा, मनीष अग्रवाल (सचिव) संजय शर्मा, कुशल चंद्र शर्मा, ओमप्रकाश शिव प्रकाश व्यास, गोपाल खेरिवाल उपस्थित थे।
श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह एवं उल्लास
सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने पूज्य महाराज श्री का आभार व्यक्त किया। जोधपुर में होने वाले इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान के लिए श्रद्धालुओं को भावभीना निमंत्रण प्रेषित किया। आयोजन को लेकर प्रभु प्रेमी संघ एवं श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह एवं उल्लास का वातावरण है।
Hemant Bhatt