धर्म संस्कृति : गायत्री परिवार की शताब्दी संकल्प अनुयाज कार्यशाला 25 अप्रैल को
⚫ तहसील समन्वय समितियों के सदस्यों का होगा प्रशिक्षण
हरमुद्दा
रतलाम, 22 अप्रैल। अखिल विश्व गायत्री परिवार अपनी अधिष्ठात्री एवं संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी वर्ष मना रहा है। गायत्री परिवार की शताब्दी संकल्प अनुयाज कार्यशाला 25 अप्रैल को किया जाएगा।

गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ के प्रांतीय संयोजक विवेक चौधरी एवं रतलाम जिला समन्वयक दामोदर शर्मा (धराड़) ने बताया कि 25 अप्रैल को अखिल विश्व गायत्री परिवार की रतलाम जिला शाखा का शताब्दी संकल्प अनुयाज कार्यशाला तथा तहसील समन्वय समितियों के सदस्यों का प्रशिक्षण डोंगरेधाम शंकरगढ़ स्थित गायत्री शक्तिपीठ पर सम्पन्न होगा। प्रशिक्षण प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 तक चलेगा। प्रशिक्षण के लिए गायत्री परिवार उज्जैन उपझोन समन्वयक प्रभाकर सोनोने के नेतृत्व में प्रशिक्षकों की टोली द्वारा दिया जाएगा।
विभिन्न विषयों पर दिया जाएगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण में प्रज्ञा संस्थानों की गतिविधियों, कानूनी पहलू, अर्थानुशासन पर भी चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही गायत्री परिवार के विभिन्न आंदोलन जैसे पर्यावरण संरक्षण संवर्द्धन, व्यसनमुक्ति एवं कुरीति उन्मूलन, नारी जागरण, युवा जोड़ो, शिक्षा और संस्कार, भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा, आओ गढ़े संस्कारवान पीढ़ी, स्वास्थ्य संरक्षण, युगसाहित्य विस्तार योजना इत्यादि विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण एवं कार्यशाला में जावरा, ताल, आलोट, पिपलोदा, सैलाना, बाजना, रावटी, शिवगढ़ सहित रतलाम शहर एवं ग्रामीण के परिजन उपस्थित रहेंगे। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष होने की वजह से अनेक केंद्रीय स्तर के आयोजन संपन्न होने जा रहे हैं जिसमें क्षेत्रीय परिजनों की भागीदारी रहेगी।
स्थानीय संगठनों का हुआ पुनर्गठन
जनवरी में शांतिकुंज हरिद्वार में संपन्न हुए अंतरराष्ट्रीय कार्यकर्ता सम्मेलन के पश्चात गायत्री परिजनों द्वारा स्थानीय संगठनों के पुनर्गठन एवं अनुयाज कार्यशाला का संकल्प लिया गया था। उसी के क्रम में पहले रतलाम जिले की सभी तहसीलों की तहसील समन्वय समितियां का गठन एवं पुनर्गठन किया गया। ततपश्चात रतलाम जिले की समन्वय समिति का पुनर्गठन किया गया था।
सभी जिलों में यही क्रम
कमोबेश यही क्रम मध्यप्रदेश के सभी जिलों में चलाया जा रहा था। विगत 12 एवं 13 अप्रैल को केंद्रीय प्रतिनिधियों द्वारा गायत्री शक्तिपीठ उज्जैन पर गायत्री परिवार उज्जैन के अंतर्गत आने वाले 6 जिलों की जिला समन्वय समितियों के सदस्यों का प्रशिक्षण एवं अनुयाज कार्यशाला संपन्न हुई थी। उसके बाद सभी 6 जिलों में तहसील समन्वय समितियों के सदस्यों के प्रशिक्षण कार्यशाला को उनके जिला स्तर पर किया जाना तय हुआ था।
Hemant Bhatt