दर्दनाक हादसा : खेत में जुताई के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर कुएं में गिरा, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत
⚫ बड़ी बेटी की आंखों के सामने हुआ हादसा, उसने लगे ताऊजी को आवाज
⚫ सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंची मौके पर
⚫ काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर और दोनों के निकाले शव
हरमुद्दा
छतरपुर, 22 नवंबर। ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम हतना में रविवार शाम एक बेहद हृदयविदारक हादसा हो गया। खेत में ट्रैक्टर से जुताई करते समय किसान संतोष यादव (37) और उनके 10 वर्षीय बेटे दुर्गेश की ट्रैक्टर समेत कुएं में गिरने से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना रविवार (22 नवंबर) शाम करीब 4 बजे की है। किसान संतोष यादव अपने 10 वर्षीय बेटे दुर्गेश के साथ खेत में जुताई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सीधे खेत में बने कुएं में जा गिरा।
बड़ी बेटी की आंखों के सामने हुआ हादसा
यह भयावह मंजर संतोष यादव की 14 वर्षीय बड़ी बेटी आयुषी के सामने ही हुआ। हादसे से घबराई आयुषी ने तुरंत पास के खेत में मौजूद अपने ताऊजी (बड़े पापा) देशराज यादव को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही देशराज यादव अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। परिवार में आयुषी के अलावा 12 वर्षीय छोटी बेटी राशि भी है।

दीपावली पर ही खरीदा था नया ट्रैक्टर
ग्रामीणों के मुताबिक, संतोष यादव ने दीपावली के अवसर पर ही नया ट्रैक्टर खरीदा था। परिवार को नई उम्मीदें थीं, लेकिन कुछ ही दिनों में यह खुशियां मातम में बदल गईं।
पुलिस और ग्रामीणों की मशक्कत

विलाप करती हुई मां
सूचना मिलने पर ओरछा रोड थाना पुलिस शाम करीब 5 बजे घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद देर शाम ट्रैक्टर और पिता-पुत्र के शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मां विलाप कर रही है।
Hemant Bhatt