विशेष लोक अदालत : चेक अनादरण के 25 मामलों का समझौते से निराकरण

विशेष लोक अदालत : चेक अनादरण के 25 मामलों का समझौते से निराकरण

⚫ 88.83 लाख से अधिक का अवार्ड पारित

हरमुद्दा
​रतलाम, 22 नवंबर। चेक अनादरण प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला न्यायालय रतलाम सहित तहसील न्यायालय जावरा, आलोट और सैलाना में संपन्न हुआ। ​विशेष लोक अदालत में आपसी राजीनामे के आधार पर कुल 25 प्रकरणों का निराकरण किया गया, जिससे 50 पक्षकार लाभान्वित हुए। इन मामलों में 88,83,560 रुपये (लगभग 88.83 लाख रुपये) की समझौता राशि का अवार्ड पारित किया गया।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रतलाम सुश्री नीना आशापुरे के मार्गदर्शन में शनिवार, 21 नवंबर को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया।

किया गया सात खंडपीठों का गठन

​प्रकरणों के सुगम और त्वरित निपटारे के लिए जिला स्थापना रतलाम में 02, तहसील न्यायालय जावरा में 02, तहसील न्यायालय आलोट में 02 तथा तहसील न्यायालय सैलाना में 01 खंडपीठ का गठन किया गया था।

यह रहे उपस्थित

इस अवसर पर जिला स्थापना रतलाम में जिला न्यायाधीश एवं सचिव (जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) संजीव कटारे तथा खंडपीठों के पीठासीन अधिकारी के रूप में द्वितीय जिला न्यायाधीश आशीष श्रीवास्तव और द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश (वरिष्ठ खंड) अनुपम तिवारी मौजूद रहे। वहीं, तहसील न्यायालय जावरा में जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जंगबहादुरसिंह राजपूत व द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश ऋचा द्विवेदी भुजंग, तहसील न्यायालय आलोट में जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष संदीप कुमार सोनी व व्यवहार न्यायाधीश गवेन्द्र सिंह सिसोदिया, तथा तहसील न्यायालय सैलाना में प्रथम व्यवहार न्यायाधीश (वरिष्ठ खंड) तथागत यागनिक उपस्थित रहे। इस दौरान जिला विधिक सहायता अधिकारी सुश्री पूनम तिवारी सहित खंडपीठों एवं प्राधिकरण के समस्त कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।