शख्सियत : अत्यंत व्यस्त जीवन में सहज योग चित्त की एकाग्रता का बेहतर ज़रिया
⚫ लेखिका ज्योत्सना सक्सेना का कहना
⚫ नरेंद्र गौड़
’’सहजयोग का सामान्य अर्थ यही है कि मिलजुलकर एक साथ किसी कार्य को करना, लेकिन माता निर्मलादेवी जी ने ’सहजयोग’ नामक संस्था की स्थापना कर लाखों लोगों को ’ध्यान क्रिया’ के जरिए उनके चित्त की एकग्रता, मतिभ्रम, अनिंद्रा जैसे बीसियों मनोविकारों से मुक्त किया है। हालांकि वह सदेह दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनका प्रकाशपुंज आज भी विश्व व्याप्त है।’’

यह बात ’सहजयोग’ की अनुगामी एवं सुप्रसिध्द लेखिका ज्योत्सना सक्सेना ने कही। इन्होंने बताया कि निर्मला देवी आध्यात्मिक गुरु थी, हालांकि उन्होंने स्वयं को कभी गुरु नहीं कहा. बल्कि यही कहा कि वे सबकी माँ हैं, उन्होंने 5 मई 1970 को ’सहज योग’ की स्थापना की थी। उनका जन्म 21 मार्च 1923 को छिंदवाड़ा मध्यप्रदेश में प्रसादराव साल्वे तथा काॅनेंलिया साल्वे के घर हुआ। यहां उल्लेखनीय है कि उनके पिता महात्मा गांधी के करीबी एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। निर्मला देवी का विवाह 1947 में श्री चंद्रिका प्रसाद श्रीवास्तव से हुआ। निर्मला जी का निधन 23 फरवरी 2011 को जेनोआ इटली में हुआ।

कुंडलिनी शक्ति जागरण
एक सवाल के जवाब में ज्योत्सना जी ने बताया कि सहज योग के माध्यम से कुंडलिनी शक्ति को जागृत करके आत्म साक्षात्कार की अवस्था का अनुभव कराया जाता है। माता निर्मला देवी जी ने पूरी दुनिया में बिना किसी शुल्क के लाखों लोगों को आत्म साक्षात्कार कराया है। भले ही आज वे हमारे बीच भौतिक रूप से नहीं हैं, लेकिन सहज योग संस्था देश विदेश में बराबर सक्रिय है। गौरतलब है कि यह ध्यान तकनीक आज दुनिया के 140 देशों से भी अधिक देशों में फैली हुई है। ’सहज’ अर्थात् जन्म के साथ आया हुआ, स्वाभाविक और ’योग’ अर्थात् परमात्मा से मिलन। अर्थात् सहज योग वह पद्धति है जिसमें किसी जटिल शारीरिक क्रिया, कर्मकांड या दीर्घकालीन साधना की आवश्यकता नहीं, बल्कि व्यक्ति के भीतर स्वाभाविक रूप से विद्यमान शक्ति को जाग्रत किया जाता है।
तीन मौलिक तत्त्वों पर आधारित
ज्योत्सना जी ने बताया कि ध्यानयोग की यह पद्दति तीन मौलिक तत्वों पर आधारित है। पहला नाड़ी तंत्र- इड़ा पिंगला और सुषुम्ना जो क्रमशः भावना, कर्म और आत्म-चेतना का प्रतिनिधित्व करती हैं। दूसरा सप्त चक्रः मूलाधार से सहस्रार तक के सात ऊर्जा केंद्र, जो व्यक्तित्व के विभिन्न मनो शारीरिक आयामों से जुड़े हैं। तीसराः कुंडलिनी शक्ति रीढ के आधार पर स्थित यह पुच्छास्थि या टेलबोन जिसे वैज्ञानिक भाषा में काॅक्सिस कहते हैं और इसीके ठीक ऊपर त्रिकास्थि या सेक्रम होती है। टेलबोन के भीतर स्थित ऊर्जा सुसुप्त अवस्था में होती है, लेकिन जब यह जाग्रत होती है तो सुषुम्ना से होती हुई सहस्रार तक उठती हुई ब्रम्हांड तक जा पहंुवती, यही है आत्म-साक्षात्कार की अनुभूति।
सहज योग व्दारा स्वास्थ्य पर प्रभाव
ज्योत्सना जी ने बताया कि सहज योग के स्वास्थ्य-प्रभावों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्त्वपूर्ण शोध हुए हैं। सिडनी विश्वविद्यालय के डॉ. रमेश मनोचा के अध्ययन ने प्रमाणित किया कि सहज योग के नियमित अभ्यास से मानसिक तनाव और अवसाद में उल्लेखनीय कमी आती है। उच्च रक्तचाप नियंत्रित होता है और जीवन की गुणवत्ता में सुधार होता है। न्यूरो वैज्ञानिकों ने पाया कि ध्यान की अवस्था में मस्तिष्क में अल्फा और थीटा तरंगों की वृद्धि होती है .जो गहरी शांति, उच्च जागरूकता और सृजनात्मकता की स्थिति का वैज्ञानिक प्रमाण है। यह तथ्य सहज योग की आध्यात्मिक अनुभूतियों को आधुनिक न्यूरोसाइंस से जोड़ता है।
140 से अधिक देशों में केंद्र
एक सवाल के जवाब में ज्योत्सना जी ने बताया कि सहज योग किसी एक धर्म, भाषा या राष्ट्र की सीमाओं में नहीं बंधा है। रूस, ब्राजील, इटली, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया सहित अनेक देशों में ध्यानयोग की इस प्रक्रिया इसने स्वीकृति पाई है। आज 140 से अधिक देशों में इसके केंद्र कार्यरत हैं। इसकी संस्थाएं विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों के लोगों को एक साझे मानवीय मंच प्रदान करती हैं और इसकी संस्थाएं ’वसुधैव कुटुंबकम्’ के दर्शन को व्यवहार में लाती हैं।
अंतरराष्ट्रीय शिक्षण संस्थाओं ने अपनाया
अनेक अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों ने विद्यार्थियों का मन पढ़ाई लिखाई की तरफ केंद्रित करने एवं उनका भावनात्मक संतुलन लाने के लिए ’सहज योग’ को अपनाया है। कॉर्पोरेट जगत में ’इमोशनल इंटेलिजेंस’ और कार्य-जीवन संतुलन की कार्यशालाओं में भी इसका व्यापक उपयोग हो रहा है। यहाँ यह स्वीकार करना भी आवश्यक है कि आध्यात्मिक अनुभव को मात्रात्मक वैज्ञानिक कसौटी पर कसना सदा सरल नहीं होता। सूक्ष्म शरीर-विज्ञान के पश्चिमी अकादमिक जगत में अभी भी सीमित स्वीकृति है और सांस्कृतिक पूर्वाग्रह भारतीय पद्धतियों के निष्पक्ष मूल्यांकन में बाधा बनते हैं, किंतु मानसिक स्वास्थ्य एक वैश्विक संकट का रूप ले रहा है वैसे-वैसे इसकी स्वीकार्यता भी बढ़ रही है। ज्योत्सना जी का कहना था कि सहज योग ने विश्व के समक्ष यह सिद्ध कर दिया है कि भारतीय परंपराएँ केवल कर्मकांड नहीं, वे पूर्णतः वैज्ञानिक और कल्याणकारी है। सहजयोग की संस्थाए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लेती हैं, यह आत्म जागृति का मार्ग है।
आठ एकल, चालीस साझाा संकलन
कटनी (मप्र) में श्रीमती स्व. आशा सक्सेना और स्व.श्री ओम प्रकाश सक्सेना के घर जन्मी ज्योत्सना जी केंद्रीय नवोदय विद्यालय अध्यापन तथा राजस्थान शिक्षा विभाग के सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में प्राचार्य रही हैं। लगभग सभी प्रतिष्ठित पत्र- पत्रिकाओं में इनकी रचनाओं का प्रकाशन होता रहा है। अंजुरी भर हरसिंगार (छंदमुक्त कविताएं), उमंगों के कचनार (दोहे संग्रह), ठुमकते गीत (बालगीत संग्रह), रेगमाही (उपन्यास), मिट्ठे माहिए (माहिया संग्रह) , झंकृत निनाद (दोहा संग्रह) कुकड़ू कूँ (बालगीत संग्रह) तथा पिंजारिन कहानी संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा लगभग 40 से अधिक साझा संकलनों में इनकी रचनाएं छपकर चर्चित हैं।
फिल्म ‘मीराधा’ की गीतकार एवं अभिनय
बाॅलीवुड फिल्म ’मीराधा’ के गीत लिखने के साथ ही ज्योत्सना जी ने अभिनय भी किया है। इनका लिखा गीत ‘साजना’ को सुप्रसिद्ध गायक कलाकार जावेद अली ने आवाज़ दी है। ज्योत्सना जी की रचनाओं का दूरदर्शन एवं आकाशवाणी के विभिन्न केंद्रों से प्रसारण होता रहता है। सम्मान की बात की जाए तो इन्हें बुडापेस्ट (हंगरी) में ‘साहित्य गौरव’, मिलान (इटली) में ‘साहित्य सारंग’ तथा मॉस्को (रूस) में ‘कला श्री,’ भूटान में ’ग्लोबल पीस अवॉर्ड’, सिंगापुर में ’सुभद्रा कुमारी चैहान अवॉर्ड’, श्री लंका में ’आई सी सी आर’ सम्मान, इंदौर में ’रामकुंवर बाई स्मृति’ कथाकार सम्मान, सूरजगढ़ झुंझनू में गांधी सेवा रत्न अवार्ड (2026) सम्मान से नवाजा जा चुका हैं।
ज्योत्सना सक्सेना की कविताएं
पानी
सूखने लगी है देह की धरती
हलक माँगता है बार-बार पानी
सिकुड़ती काया में पड़ने लगीं दरारें
पपड़ाए होंठों पर
प्यास की मीनारें
राशनिंग के इस समय में
बूँद-बूँद का मोल
फिर भी जल से भरी आँखें
रहतीं नित अनमोल
प्रतीक्षारत हैं नयना
किसी बादल की आस में
कोई तो आकर भर दे
अंजुरी इस प्यास में
हिचकिचाते, बुदबुदाते
भीतर ही भीतर घुटते
शब्द मेरे अधरों तक आ
आते-आते रुकते
साँसें हैं मरुथल जैसी
धड़कन रेतीली राह
भीतर कोई नदी सोई
जगने की है चाह
सूखा तन, सूखा मन
सूखे सारे गीत
लेकिन आँखों के कोरों में
अब भी बाकी प्रीत
बरसो कभी तो बादल
भीगे यह धरती-देह
शब्द खिलें फिर अधरों पर
बरसा अपना नेह।
⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫
मुक्ति पथ
सलाइयों के साथ
एहसासों के गलियारे से
उलझनें सुलझाईं
प्रिय के भावों संग
सफर रंगबिरंगे ख्वाबों की हुई
ऊन से बुनाई
फंदा- फंदा कह रहा
मिट जाओ , जियो दूसरों के लिए
अहम् को दो विदाई
संघर्षित जीवन में
अपना निजत्व प्रिय के लिए
सृजन की अमराई
पोर- पोर अुगुलियां
सलाइयों संग डांडिया रास
राधा सी इतराई
घटते घटते फंदों ने
मानो मुक्ति पथ पर कान्हा संग
विस्तार बिंदु है पाई।
⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫⚫
कविता
शब्दों की अनवरत यात्रा
संवेदनाओं की अभिव्यक्ति
सरसता की निर्झरणी
कविता भावों में बहाती है
भावों का सम्प्रेषण
अंतर्मन की खोज
मुक्तांगन विहार
कविता भ्रमण कराती है
करुणा आमंत्रण
कर्मशक्ति की आशा
जीवन मूल्यों की परिभाषा
कविता हमें जगाती है।

Hemant Bhatt