एक साथ उठीं तीन अर्थियां, गम में डूबा रतलाम का इंदिरा नगर

एक साथ उठीं तीन अर्थियां, गम में डूबा रतलाम का इंदिरा नगर

⚫ बेटे, बहू और पोते के पार्थिव शरीर देख फफक पड़े बुजुर्ग माता-पिता

⚫ बेटे गुरविंदर सिंह ने दी मुखाग्नि

⚫ सतनाम वाहेगुरु की रही गूंज

हरमुद्दा
​रतलाम, 21 नवंबर। इंदिरा नगर क्षेत्र में शनिवार का सूरज अपने साथ ऐसा सन्नाटा और गहरा शोक लेकर आया, जिसने हर आंख को नम कर दिया। रोहतक (हरियाणा) में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले करमजीत सिंह सिंधु, उनकी पत्नी पवनदीप कौर और बड़े बेटे अमरिंदर सिंह की पार्थिव देह जब शनिवार को उनके निवास स्थान इंदिरा नगर पहुंची, तो समूचा क्षेत्र शोक के सागर में डूब गया।

पिता सरदार मेजर सिंह हाथ जोड़ते हुए

घर के आंगन में एक साथ रखे तीन पार्थिव शरीरों को देखकर बुजुर्ग पिता सरदार मेजर सिंह और माता के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे, वहीं छोटे बेटे गुरविंदर सिंह सिद्धू पर माता-पिता और बड़े भाई को एक साथ खोने का पहाड़ टूट पड़ा था। निवास स्थान पर सतनाम वाहेगुरु की गूंज रही। गुरुद्वारे के ज्ञानी मान सिंह जी ने अंतिम अरदास पढ़ी। इसके पश्चात तीनों की अर्थियां उठाई गई।

​जब घर से एक साथ तीन अर्थियां उठीं, तो वहां मौजूद हर शख्स स्तब्ध रह गया और माहौल कारुणिक चीत्कार से गूंज उठा। जवाहर नगर मुक्तिधाम पर नम आंखों के बीच छोटे बेटे गुरविंदर सिंह सिद्धू ने अपने माता-पिता और बड़े भाई को मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई के इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर मुक्तिधाम में मौजूद हर व्यक्ति की आंखें भर आईं।

​ बेटा गुरविंदर सिंह स्तब्ध खड़ा रहा 

खुशियों के सफर पर निकला था परिवार, नियति को कुछ और था मंजूर

दिवंगत करमजीत सिंह सिंधु के पिता सरदार मेजर सिंह रतलाम स्थित बीपीसीएल (BPCL) से सेवानिवृत्त हैं। जानकारी के अनुसार, सिंधु परिवार गुरुवार को ही बड़े उत्साह के साथ रतलाम से पंजाब के लिए रवाना हुआ था। उन्हें लुधियाना जिले के ग्राम बिनझल में पवनदीप कौर के भाई देविंदर सिंह के यहां आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होना था। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

मंजिल से कुछ ही दूरी पर शुक्रवार सुबह रोहतक के पास उनका वाहन भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया और खुशियों के सफर पर निकला परिवार काल के गाल में समा गया। हादसे में बड़ा बेटा अमरिंदर सिंह भी दुनिया छोड़ गया, जो पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर था और परिवार की उम्मीदों का सहारा था।

​मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव को याद कर रो पड़ा मोहल्ला

चर्चा करते हुए जानने और चाहने वाले

शनिवार को दिन भर इंदिरा नगर और आसपास के क्षेत्रों में इसी दर्दनाक हादसे की चर्चा रही। हर किसी की जुबान पर परिवार के साथ हुई इस अनहोनी का दुख था। पड़ोसियों और परिचितों ने बताया कि सिंधु परिवार अपने सद्भाव, व्यवहार कुशलता और मृदुभाषिता के कारण पूरे क्षेत्र में बेहद लोकप्रिय था। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि हंसता-खेलता यह परिवार यूं अचानक हमेशा के लिए विदा हो जाएगा।