मृत्योपरांत भी रोशन रहेगी राकेश गुप्ता की स्मृति: नेत्रदान से दो नेत्रहीनों को मिलेगी नई सुबह
⚫ शोक की घड़ी में गुप्ता परिवार ने पेश की मानवता की मिसाल
⚫ नेत्रम संस्था की पहल और मेडिकल कॉलेज टीम के सहयोग से पूर्ण हुआ महादान
हरमुद्दा
रतलाम, 21 नवंबर। अपनों को खोने का असहनीय दुःख अक्सर इंसान को तोड़ देता है, लेकिन उसी विकट घड़ी में लिया गया एक संवेदनशील फैसला समाज के लिए प्रेरणा बन जाता है। कस्तूरबा नगर निवासी अधिवक्ता राकेश गुप्ता (पिता स्व. गोवर्धनलाल जी गुप्ता, अधिवक्ता) के आकस्मिक निधन के बाद उनके परिजनों ने शोक के बीच नेत्रदान का संकल्प लेकर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की है। उनके इस फैसले से अब दो दृष्टिहीन व्यक्तियों के जीवन का अंधकार दूर हो सकेगा।

संस्था की प्रेरणा और परिवार का साहसिक निर्णय
अधिवक्ता राकेश गुप्ता के निधन की सूचना मिलने पर नेत्रम संस्था के यशवंत पावेचा ने शोक संतप्त परिवार को नेत्रदान के महत्व के प्रति प्रेरित किया। दुःख की इस घड़ी में दिवंगत के पुत्र अंशुल गुप्ता, आदित्य गुप्ता और अन्य परिजनों ने समाजहित को सर्वोपरि रखते हुए नेत्रदान की सहमति प्रदान की। परिवार के इस निर्णय ने दिवंगत राकेश गुप्ता को मृत्योपरांत भी समाज सेवा से जोड़कर अमर कर दिया है।
मेडिकल कॉलेज की टीम ने निभाई जिम्मेदारी
नेत्रम संस्था के हेमंत मूणत ने बताया कि परिजनों की सहमति मिलते ही डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडे मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनीता मुथा को सूचित किया गया। उनके निर्देशन में नेत्र विभागाध्यक्ष डॉ. रिशेन्द्र सिसोदिया के नेतृत्व में डॉ. विष्णुदत्त और नर्सिंग ऑफिसर विनोद कुशवाहा की टीम ने दिवंगत के निवास पर पहुंचकर नेत्रदान की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न किया।
निस्वार्थ सेवा का तालमेल
इस पूरे सेवा कार्य में नेत्रम संस्था के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। यशवंत पावेचा और सुशील मीनू माथुर ने अपने निजी वाहन से मेडिकल टीम को निवास स्थान तक लाने और प्रक्रिया के बाद सुरक्षित मेडिकल कॉलेज वापस पहुंचाने की व्यवस्था संभाली। इस दौरान शलभ अग्रवाल और शिवम माथुर भी उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं में सहयोगी बने।
आपकी आँखें बन सकती हैं किसी की नई सुबह

नेत्रम संस्था ने आमजन से अपील की है कि वे नेत्रदान जैसे महाअभियान से जुड़ें और अपने परिवार में भी इसके प्रति जागरूकता लाएं। मृत्योपरांत किया गया एक नेत्रदान दो लोगों की दुनिया को रोशन कर सकता है। समाज में व्याप्त भ्रांतियों को छोड़कर इस पुनीत कार्य के लिए आगे आना ही सच्ची मानव सेवा है।
Hemant Bhatt