सामाजिक सरोकार : प्रेस क्लब जमीन और भवन के लिए संघर्ष करने वाले वरिष्ठ पत्रकारों का होगा अभिनंदन
⚫ ‘‘नींव का पत्थर’’ नाम से होगा समारोह
⚫ प्रतिभावान बच्चों का किया जाएगा सम्मान
⚫ होगा पत्रकार परिवार के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
⚫ रतलाम प्रेस क्लब नवीन कार्यसमिति की हुई पहली बैठक
⚫ प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर हुई बैठक में कई प्रस्तावों पर चर्चा
⚫ पूजन अर्चन के पश्चात मोतियों की माला से स्वागत कर करवाया सभी को पदभार ग्रहण
हरमुद्दा
रतलाम, 4 मई। प्रेस क्लब के लिए जमीन और भवन के लिए संघर्ष करने वाले वरिष्ठ पत्रकारों का अभिनन्दन होगा। इसके लिए ‘‘नींव का पत्थर’’ नाम से समारोह आयोजित होगा। इसके अलावा पत्रकारों के प्रति भगवान बच्चों का सम्मान किया जाएगा साथ ही पत्रकार परिवारों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा।

यह सभी निर्णय रतलाम प्रेस क्लब नवीन कार्यकारिणी की पहली बैठक में प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर लिए गए। पॉवर हाउस रोड स्थित प्रेस क्लब भवन पर शनिवार को पदभार ग्रहण का आयोजन हुआ। नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुकेश पुरी गोस्वामी एवं मनोनीत सचिव यश शर्मा बंटी सहित पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्यों की मौजूदगी में बैठक हुई। पत्रकारों, पत्रकारिता, समाज और देश के हित में काम करते रहने की प्रार्थना की गई। पहली बैठक में कार्यसमिति द्वारा पहले छ: माह की कार्ययोजना तैयार कर उसे मूर्त रूप देने का संकल्प लिया। क्लब के विभिन्न पदाधिकारियों ने सुझाव दिए और आगामी कार्य करने के लिए फैसले लिए।
महत्वपूर्ण निर्णय अभिनंदन समारोह का
महत्वपूर्ण निर्णय हुआ कि ‘‘नींव का पत्थर’’ नाम से अभिनन्दन समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रेस क्लब के लिए जमीन और भवन के लिए संघर्ष करने वाले वरिष्ठ पत्रकारों का अभिनन्दन करेंगे।
कैंसर जागरूकता शिविर
चिकित्सकों की मदद से प्रेस क्लब के सभी सदस्यों तथा परिवार जनों के लिए कैंसर जागरूकता शिविर, स्क्रीनिंग टेस्ट, ब्लड टेस्ट आदि के लिए शिविर आयोजित करवाया जाएगा।
जानकारी रहेगी ऑनलाइन
रतलाम प्रेस क्लब की आधिकारिक वेबसाइट रतलाम प्रेस क्लब डॉट कॉम को बनवाकर संचालन जल्द प्रारंभ होगा। क्लब के सभी सदस्यों की फोटो सहित बेसिक जानकारी वेबसाइट पर रहेगी, ताकि अगली बार से सदस्यता भी ऑनलाइन सम्पन्न करवाई जा सके।
उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार वितरण जून में
तीसरा उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार जून महीने में आयोजित होगा। इसे भव्य रूप से करने का प्रयास किया जाएगा। उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार समारोह के साथ उसी दिन प्रेस क्लब की वेबसाइट का भी लोकार्पण किया जाएगा। वेबसाइट पर सभी कार्यक्रमों की डिटेल्स भी रहेगी।
पत्रकारों के प्रतिभावान बच्चों का होगा सम्मान
प्रेस क्लब सदस्यों के बच्चों के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित होगा। इसके लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई
चार सदस्यों की समिति का गठन
फर्म एंड सोसायटी से संबंधित कार्यो के लिए समिति बनाने का फैसला लिया गया जो आने वाले एक से दो महीनों में संविधान संशोधन सहित फर्म एंड सोसायटी में अटके सभी कार्यों को पूर्ण करेगी। इसके लिए चार सदस्यो की समिति गठित की गई। प्रेस क्लब के सदस्यों के लिए नवीन आईकार्ड भी जल्द से जल्द बनाए जाएंगे।
पूजन अर्चन के साथ शुरुआत, किया कार्यभार ग्रहण

महर्षि शिव शंकर दुबे के सान्निध्य में पदभार ग्रहण करते हुए सचिव एवं अध्यक्ष
मां सरस्वती के पूजन और मंत्रोच्चार के साथ रतलाम प्रेस क्लब की नवीन कार्यकारिणी ने शनिवार को पदभार ग्रहण किया। महर्षि संजय शिव शंकर दवे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सबसे पहले भगवान श्री गणेश और मां सरस्वती का पूजन करवाया। प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेशपुरी गोस्वामी और सचिव यश शर्मा ने पूजन किया। इस दौरान कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को तिलक लगाकर नए कार्यकाल की शुरुआत करवाई गई। सभी का मोतियों की माला से स्वागत कर पदभार ग्रहण करवाया।
यह थे मौजूद
कार्यकारिणी की बैठक में कोषाध्यक्ष नीरज शुक्ला, उपाध्यक्ष सुजीत उपाध्याय, सौरभ कोठारी, दिलजीत सिंह मान, सह सचिव नीरज बरमेचा, हेमंत भट्ट, कार्यकारिणी सदस्य दिनेश दवे, प्रदीप नागौरा, चंद्रशेखर सोलंकी, सिकंदर पटेल, शुभ दशोत्तर, किशोर जोशी, नीलेश बाफना, विनोद वाधवा, मानस व्यास, चेतन शर्मा और धरम वर्मा मौजूद रहे।
Hemant Bhatt