दुर्घटना : दूध लेकर आ रहे बाइक सवार युवा को पिकअप ने मारी टक्कर, हुई मौत
⚫ एंबुलेंस और 112 समय पर नहीं आई तो चक्का जाम
⚫ निजी वाहन से ले गए मेडिकल कॉलेज, किया मृत घोषित
हरमुद्दा
रतलाम, 21 मई। शहर से लगे हुए कनेरी गांव से रतलाम दूध लेकर आ रहे युवा को पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में युवक की मौत हो गई। सूचना देने के बावजूद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। फरार पिकप चालक को शीघ्र पकड़ने के आश्वासन के बाद चक्का जाम समाप्त हुआ।
गुरुवार को सुबह कनेरी गांव से दूध की केन लेकर आ रहे 19 वर्षीय युवा मोतीलाल पिता शंकर लाल गुर्जर की बाइक को पिकप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर रखी दूध की केन कई फीट दूर खेत में मिली।
काका चल रहे थे पीछे
मोतीलाल के पीछे ही काका भी चल रहे थे, उन्होंने तत्काल एंबुलेंस और 112 को फोन किया मगर एक घंटे के बाद भी मौके पर कोई नहीं पहुंचा तो आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। इधर गांव से निजी वाहन मंगवा कर घायल मोतीलाल को डॉक्टर लक्ष्मी नारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत घोषित कर दिया। युवा की मौत से गांव में मातम पसर गया।
चक्का जाम की खबर मिलते ही पुलिस आई हरकत में
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जैसे ही चक्का जाम किया। पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि फरार पिकप वाहन चालक को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद चक्का जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन और बाइक को जब्त कर लिया है। आरोपी पिकप चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Hemant Bhatt