नीट परीक्षा : 4 मई को रतलाम के 8 केन्द्रों पर होगी परीक्षा

नीट परीक्षा : 4 मई को रतलाम के 8 केन्द्रों पर होगी परीक्षा

कलेक्टर और एसपी ने किया परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण

⚫ उडनदस्ते गठित

⚫ परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी

⚫ परीक्षा के दौरान परीक्षा केदो से दो और चार पहिया वाहनों का निकलना और हार्न बजाना प्रतिबंध

हरमुद्दा
रतलाम 03 मई। मेडिकल कोर्सेस में प्रवेश के लिए होने वाली नीट परीक्षा 4 मई 2025 को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी। परीक्षार्थियों को एन.टी.ए. द्वारा जारी गाईड लाईन अनुसार परीक्षा केन्द्र पर डेढ घंटे पूर्व पहुंचना अनिवार्य होगा। शनिवार को कलेक्टर राजेश बाथम और एसपी अमित कुमार ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।

रतलाम शहर में लगभग 3347 परीक्षार्थी शहर के 8 केन्द्रों पर परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा केन्द्रों में शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, पी.एम.श्री केन्द्रीय विद्यालय, रेलवे हायर सेकेण्डरी स्कूल, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय कन्या महाविद्यालय, जवाहर शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल तथा स्वामी विवेकानन्द वाणिज्य महाविद्यालय रतलाम शामिल हैं।

ताकि विद्यार्थियों को ना हो दिक्कत

परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास दो और चार पहिया वाहनों का आवागमन और हार्न बजाना प्रतिबंधित किया है। ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा देने में दिक्कत ना हो। 

उड़ानदस्तों का गठन कर प्रभारी किए नियुक्त

जिले में परीक्षा को निर्बाध एवं सुचारु रूप से संचालित कराने के लिए कलेक्टर राजेश बाथम ने उडनदस्तों का गठन किया है। गठित उडनदस्तों में एसडीएम अनिल भाना परीक्षा केन्द्र पी.एम.श्री केन्द्रीय विद्यालय के लिए, नायब तहसीलदार रामकलेश साकेत रेलवे हायर सेकेण्डरी स्कूल, तहसीलदार ऋषभ ठाकुर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मनोज चौहान शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, सविता राठौर शासकीय कन्या महाविद्यालय, अश्विनी गोहिया जवाहर शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल तथा सुश्री प्राची गायकवाड स्वामी विवेकानन्द वाणिज्य महाविद्यालय रतलाम के लिए उडनदस्ता प्रभारी बनाया गया है। 

सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेंगे परीक्षा केंद्र

उड़नदस्तों के द्वारा सतत् निगरानी की जाएगी। साथ ही सभी परीक्षा केन्द्रों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। कलेक्टर श्री बाथम, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, एडीएम डॉक्टर शालिनी श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय सहित अन्य ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।