गरबा के नाम पर भ्रामक अफवाह और रतलाम के लॉ कॉलेज में बाहरी तत्वों का हंगामा
⚫ छात्रों ने प्राचार्य के समर्थन में खोला मोर्चा
⚫ मंगलवार को कलेक्टर को सौंपेंगे सामूहिक ज्ञापन
हरमुद्दा
रतलाम, 21 सितंबर। संस्कृति और धार्मिक आस्था के महापर्व गणेश महोत्सव के तहत आयोजित सांस्कृतिक महोत्सव में गरबा की आड़ में कुछ असामाजिक और तथाकथित हिंदूवादी संगठनों के लोगों द्वारा डॉ. कैलाशनाथ काटजू विधि महाविद्यालय (लॉ कॉलेज) परिसर में जमकर हंगामा किया गया। मामला कॉलेज में 'कपल गरबा' और पैसों के लेन-देन के नाम पर प्रवेश देने की अफवाह फैलाने से शुरू हुआ। जबकि कॉलेज प्रशासन और प्राचार्य डॉ. अनुराधा तिवारी ने साफ शब्दों में स्पष्ट किया है कि कॉलेज में ऐसा कोई आयोजन नहीं हुआ और न ही कोई शुल्क लिया गया। इस भ्रामक खबर के जरिए महाविद्यालय की सांस्कृतिक गरिमा और छात्र-छात्राओं की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

सोमवार, 21 सितंबर 2026 को घटी इस घटना के बाद से ही महाविद्यालय के विधि छात्रों में भारी रोष व्याप्त है। छात्रों का कहना है कि कुछ अज्ञात और अनधिकृत बाहरी व्यक्तियों ने कॉलेज परिसर में जबरन घुसकर न केवल छात्र-छात्राओं के साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया और उन्हें धमकियां दीं, बल्कि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनुराधा तिवारी के साथ भी बेहद अभद्र और अनुचित व्यवहार किया।
झूठी अफवाहों से कॉलेज की छवि धूमिल करने की साजिश
कॉलेज प्रशासन और विद्यार्थियों का कहना है कि धार्मिक सरोकार और गरबा की आड़ में फैलाया जा रहा यह पूरा घटनाक्रम पूरी तरह से असत्य और भ्रामक है। संस्था की गरिमा को ठेस पहुंचाने तथा छात्रों को मानसिक रूप से परेशान करने के उद्देश्य से 'कपल गरबा' जैसी मनगढ़ंत बातें फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई है।
कल 22 सितंबर को छात्र एकजुट होकर करेंगे बड़ा प्रदर्शन
बाहरी तत्वों की इस तानाशाही और प्राचार्य के साथ हुए दुर्व्यवहार के विरोध में महाविद्यालय के समस्त विधि छात्र-छात्राओं ने एकजुट होकर सामूहिक रूप से कड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया है। मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को प्रातः 11:30 बजे डॉ. कैलाशनाथ काटजू लॉ कॉलेज से छात्र-छात्राएं एकजुट होकर कलेक्टर कार्यालय, रतलाम पहुंचेंगे और माननीय कलेक्टर अजय कटेसरिया को एक कड़ा ज्ञापन सौंपेंगे।
छात्रों का मुख्य मुद्दा व मांगें
⚫ कॉलेज परिसर में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने वाले बाहरी व्यक्तियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
⚫ छात्र-छात्राओं से आपत्तिजनक व्यवहार और प्राचार्य महोदय से अभद्रता करने वालों को चिह्नित कर जेल भेजा जाए।
⚫ असत्य व भ्रामक खबरें फैलाकर संस्था की छवि खराब करने वालों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
सामूहिक ज्ञापन में दे समर्थन
लॉ कॉलेज के समस्त विधि छात्रों ने अपील जारी करते हुए कहा है कि संस्था के सम्मान, न्याय और शैक्षणिक गरिमा की रक्षा के लिए सभी छात्र-छात्राएं मंगलवार सुबह 11:30 बजे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सामूहिक ज्ञापन में अपना समर्थन दें।
Hemant Bhatt