रतलाम में मोटरसाइकिल चोर हेमंत गिरफ्तार: 5 गाड़ियां बरामद
⚫ चाय पीने रुका था फरियादी, गायब हुई बाइक
⚫ झाड़ियों से छिपाई थीं चोरी की बाइकें
हरमुद्दा
रतलाम, 31 अक्टूबर। नामली पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से फरियादी की मोटरसाइकिल सहित कुल 5 चोरी की बाइकें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹1,45,000 आंकी गई है।
चाय पीने रुका था फरियादी, गायब हुई बाइक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांधी नगर पीएनटी कॉलोनी निवासी फरियादी अमजद खान (39) अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (MP43DQ4914) से जावरा जा रहे थे। रास्ते में पंचेड़ के पास वे चाय पीने के लिए रुके, लेकिन वापस लौटने पर उनकी बाइक गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी सुराग न मिलने पर फरियादी ने थाना नामली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 494/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना और CCTV कैमरे से मिला सुराग
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 29 अक्टूबर को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने सेजावता-बांगरोद रोड से संदेही हेमंत परमार (27), निवासी ग्राम सेजावता को हिरासत में लिया।
पूछताछ में उगले राज, झाड़ियों से बरामद हुईं बाइकें
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने पंचेड़ से चुराई गई बाइक के अलावा रतलाम शहर के विभिन्न क्षेत्रों—जावरा चौपाटी, जनक हॉस्पिटल के सामने, पोलो ग्राउंड और रेलवे खेल ग्राउंड—से 4 अन्य मोटरसाइकिलें चुराना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बांगरोद-धमोत्तर रोड स्थित ईंट भट्टे के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गईं चारों अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।
बरामद बाइक का विवरण : एचएफ डीलक्स (MP43DQ4914) – कीमत ₹30,000। ग्रे होंडा साइन (बिना नंबर) – कीमत ₹40,000। काली होंडा साइन (बिना नंबर) – कीमत ₹30,000।लाल-काली एचएफ डीलक्स (बिना नंबर) – कीमत ₹25,000। काली एचएफ डीलक्स (बिना नंबर) – कीमत ₹20,000। पुलिस आरोपी से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नामली निरीक्षक आनंदसिंह आजाद, उपनिरीक्षक बी.डी. जोशी, प्रधान आरक्षक मनीष यादव, आरक्षक अनिल सोलंकी, गोपाल खराड़ी, कांतिलाल ओहरिया, राजेश सेंगर, कमलेश पांडे, राघवेन्द्र जाट एवं मनीष पाटीदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
टीम को पुरसकृत करने की घोषणा
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार द्वारा कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
Hemant Bhatt