रतलाम : अवैध मदिरा के कारोबार पर आबकारी विभाग की नकेल, लाखों की अवैध शराब 

रतलाम : अवैध मदिरा के कारोबार पर आबकारी विभाग की नकेल, लाखों की अवैध शराब 

⚫ 8-लेन मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेस-वे और ग्रामीण इलाकों में आबकारी विभाग का बड़ा छापा

⚫ महुआ लहान किया नष्ट

हरमुद्दा
​रतलाम, 31 अक्टूबर। जिले में अवैध मदिरा के कारोबार पर नकेल कसने के लिए आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर अजय कटेसरिया और सहायक आबकारी आयुक्त विकास मण्डलोई के मार्गदर्शन में गठित संयुक्त टीमों ने 31 अक्टूबर को सैलाना, आलोट और जावरा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों सहित 8-लेन मुंबई-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की।


​ग्रामीण क्षेत्रों में दबिश: लहान किया गया नष्ट

सहायक जिला आबकारी अधिकारियों के नेतृत्व और उपनिरीक्षक (वृत्त सैलाना, आलोट, परगना रतलाम) की उपस्थिति में आबकारी टीम ने अवैध शराब ठेकों और ठिकानों पर विधिवत् तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान 37 पाव देशी मदिरा (प्लेन)। 61 बल्क लीटर हाथ भट्टी मदिरा। 1560 किलोग्राम महुआ लहान (जिसे मौके पर नष्ट किया गया)
​ज़ब्त की गई मदिरा और सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य ₹1,71,000/- (एक लाख इकहत्तर हजार रुपये) बताया जा रहा है।

8-लेन एक्सप्रेस-वे पर नाकाबंदी और वाहन चेकिंग

आबकारी विभाग ने न केवल ग्रामीण इलाकों बल्कि मुख्य मार्गों पर भी शिकंजा कसा है। 8-लेन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर अवैध शराब के परिवहन को रोकने के लिए विशेष रोड चेकिंग व नाकाबंदी की गई। इस दौरान संदेहास्पद वाहनों को रोककर सघन तलाशी ली गई ताकि अंतरराज्यीय या अंतरजिला अवैध परिवहन पर रोक लगाई जा सके।

08 मामले दर्ज, कार्रवाई जारी

मामले में आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क, च एवं धारा 36 के तहत कुल 08 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। इस पूरी कार्रवाई में आबकारी विभाग के समस्त प्रधान आरक्षक व आरक्षकों की सराहनीय भूमिका रही। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि जिले में अवैध शराब का निर्माण, विक्रय या परिवहन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।