भाजपा जिलाध्यक्ष से फर्जी पत्रकार मनोज मांग रहा था 50 हजार

भाजपा जिलाध्यक्ष से फर्जी पत्रकार मनोज मांग रहा था 50 हजार

⚫ रंगदारी और ब्लैकमेलिंग का खेल

⚫ मनोज शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज

हरमुद्दा
​रतलाम, 27 अक्टूबर। जिले में खुद को पत्रकार बताकर लोगों को ब्लैकमेल करने और अवैध वसूली करने वाले एक फर्जी पत्रकार का मामला सामने आया है। आरोपी ने भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय को बदनाम करने की धमकी देकर 50,000 रुपये की रंगदारी मांगी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


​क्या है पूरा मामला?

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना दो दिन पूर्व 24 अक्टूबर की शाम करीब 05:00 बजे की है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय पार्टी के कार्य से अपनी निजी गाड़ी से ड्राइवर और अन्य सहयोगियों के साथ हाट रोड से गुजर रहे थे। जब उनकी गाड़ी हाट रोड पुलिया के पास पहुँची, तब रतलाम निवासी मनोज शर्मा नामक व्यक्ति वहाँ आया और उनकी गाड़ी को रोक लिया।

फर्जी पत्रकार मनोज शर्मा

रुपये न देने पर छवि धूमिल करने की धमकी

शिकायतकर्ता उपाध्याय ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि आरोपी मनोज शर्मा ने उनकी गाड़ी के पास आकर अवैध रूप से पैसों की मांग की। जब जिलाध्यक्ष ने पैसे देने से साफ इनकार किया, तो आरोपी आगबबूला हो गया और मीडिया में भ्रामक व उल्टी-सीधी खबरें लिखकर उनकी सामाजिक व राजनीतिक छवि को खराब करने की धमकी देने लगा। आरोपी ने अपनी धौंस जमाते हुए और ख्याति को क्षति पहुँचाने का भय दिखाकर 50,000 (पचास हजार) रुपये की अवैध वसूली की मांग की।

फर्जी निकला आरोपी, वैध संस्थान से नहीं है कोई जुड़ाव

पुलिस की शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ है कि आरोपी मनोज शर्मा खुद को पत्रकार बताता है, लेकिन वह किसी भी प्रतिष्ठित या वैध मीडिया संस्थान से जुड़ा हुआ नहीं है। वह इसी तरह अवैध रूप से खुद को पत्रकार बताकर शहर के अन्य भोले-भाले नागरिकों और प्रतिष्ठित लोगों को ब्लैकमेल कर अवैध वसूली का धंधा चलाता है। सूत्रों से जानकारी के अनुसार पुलिस के कर्मचारियों से भी मिला हुआ है। आड़े टेड़े धंधों में लिप्त लोगों को छुड़वाने के लिए पुलिस के लिए लेन देन करता है। कई बार सीधे लोगों फंसाकर पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर भी वसूली करता है।

दीनदयाल नगर थाने में एफआईआर दर्ज

भाजपा जिलाध्यक्ष की शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर दीनदयाल नगर पुलिस थाने में सोमवार को आरोपी मनोज शर्मा के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास व अन्य मामलों की भी गहराई से वैधानिक जांच शुरू कर दी है।