फैसला : भ्रष्टाचार के मामले में जावरा की तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी नीता जैन एवं सहायक राजस्व निरीक्षक को 04-04 वर्ष का सश्रम कारावास
⚫ 2000-2000 रुपए के अर्थदण्ड से दण्डित
⚫ मामला 2021 का
हरमुद्दा
रतलाम, 19 फरवरी। विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988) संजीव कटारे ने भ्रष्टाचार के मामले में तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जावरा एवं तत्कालीन सहायक राजस्व निरीक्षक, जावरा को 04-04 वर्ष का सश्रम कारावास सुनाई। इसके साथ ही 2000-2000 रुपए के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।

विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त उज्जैन के विशेष प्रकरण क्रमांक 05/2023 में भ्रष्टाचार की आरोपी नीता जैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद् जावरा निवासी सीएमओ आवास ताल नाका, जावरा जिला रतलाम स्थायी निवासी - नई आबादी, सुभाष इंग्लिश स्कूल के पास , मन्दसौर तथा विजय सिंह शक्तावत, सहायक राजस्व निरीक्षक, नगर पालिका परिषद् जावरा निवासी - 3, लाल ईमली गली, जावरा को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 में दोषसिद्ध पाया गया। 04-04 वर्ष के सश्रम कारावास तथा राशि 1000-1000 रुपए के अर्थदण्ड एवं भादवि की धारा 120बी में 04-04 वर्ष के सश्रम कारावास तथा राशि 1000-1000 रुपए के अर्थदण्ड से दण्डित कर आरोपी को जेल भेजा गया। प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी कृष्णकांत चौहान, विशेष लोक अभियोजक (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) के द्वारा की गई है।
मार्च 2021 में हुई थी लोकायुक्त में शिकायत
प्रभारी उपनिदेशक अभियोजन/सहायक निदेशक अभियोजन, जिला रतलाम आशा शाक्यवार ने बताया कि 09 मार्च 2021 को पवन भावसार ने लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन में एक लिखित शिकायत आवेदन दिया।
नीता जैन ने 42000 रुपए मांगे रिश्वत के
दोस्त सुरेश प्रजापत की लायसेंस पर नगर पालिका परिषद्, जावरा में वार्ड क्रमांक 24 बाडाखाल कब्रिस्तान का पेबर ब्लाॅक फ्लोरिंग कार्य का ठेका 3,74,000/- रुपए में वर्क आर्डर क्रमांक 4830/ 18 जनवरी 2017 को उसे मिला था एवं वार्ड क्रमांक 20 बडा मालीपुरा से मोहन सैनी के मकान तक आर.सी.सी. नाली का निर्माण के कार्य का ठेका 2,76,000/- रुपए में वर्क आर्डर क्रमांक 3959/ 02 दिसम्बर 2016 को उसे मिला था, इसके अलावा वार्ड क्रमांक 18 कमानी गेड से गुलशन टाकिज तक आरसीसी रोड निर्माण का कार्य का ठेका 13,59,000/- रूपए में वर्क आर्डर क्रमांक 417 दिनांक 24 अप्रैल 2017 द्वारा उसे मिला था। उपरोक्त सभी कार्य उसके द्वारा समय पर पूर्ण कर दिए थे। उसकी 1,23,000/- रुपए की एफ.डी.आर. नगर पालिका परिषद् जावरा में जमा है एवं 50,000/- रुपए के बिल स्वीकृत होना शेष है। इसलिए वह अपनी एफडीआर रिलीज कराने एवं उसके फाईनल बिल को स्वीकृति कराने के लिए नीता जैन, सीएमओ जावरा से मिला तो उक्त कार्य करने के लिए सम्पूर्ण राशि का 03 प्रतिशत के हिसाब से 42,000/- रूपए रिश्वत की मांग की।
शासकीय डिवाइस से हुई बातचीत रिकॉर्ड
इस पर निरीक्षक बसन्त श्रीवास्तव, विपुस्था लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन ने रिश्वत की मांग की जाने की पुष्टि के लिए रिश्वत संबंधी वार्तालाप को गोपनीय रूप से रिकॉर्ड करने के लिए शासकीय डिजिटल वाईस रिकॉर्डर आवेदक को दिया। आरोपी नीता जैन एवं आवेदक पवन भावसार के मध्य हुई रिश्वत संबंधी बातचीत की रिकॉर्डिंग आवेदक पवन भावसार से कराई गई। जिसमें आवेदक द्वारा बताया गया कि नीता जैन, सीएमओ मेडम से बात की तो उन्होंने कहा मेरा जो बनेगा, मैं शक्तावत बाबू को बता दूंगी, आप जाकर शक्तावत बाबू से बात कर लेना, इसके बाद शक्तावत बाबू से मिला तो उन्होंने कहा कि सीएमओ मैडम 2 प्रतिशत के हिसाब से रुपए देने को कहा है और 26,000/- रूपए की रिश्वत की मांग की और आवेदक के अनुरोध पर 20,000/- रुपए में तैयार हुए और 15,000/- रुपए लेकर 12 मार्च 2021 को बुलाया है बाकी के 5,000/- रूपए काम होने के बाद देने को कहा है।
मार्च 21 में रिश्वत लेते गिरफ्तार हुए दोनों
तत्पश्चात रिश्वत की मांग प्रमाणित पाए जाने पर, विधिवत ट्रैप कार्रवाई 12 मार्च 2021 को मुख्य आरोपी नीता जैन एवं सहआरोपी विजय सिंह शक्तावत को नगर पालिका परिषद् जावरा के कार्यालय से आवेदक पवन भावसार से 18,500/- रूपए रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त के निरीक्षक बंसत श्रीवास्तव के द्वारा ट्रेप किया गया।
आवेदक पवन भावसार ने निरीक्षक बंसत श्रीवास्तव को बताया कि पहले सह आरोपी विजयसिंह शक्तावत ने सीएमओ नीता जैन मैडम के कक्ष में गया, वहां से वापिस आकर कहा कि सीएमओ मेडम पूरे 20,000/- रुपए मांग रही है, इस पर आवेदक द्वारा अपने पास से 3,500/- रुपए और कुल 18,500/- रुपए सह आरोपी विजय सिंह शक्तावत को दिए जिसे सह आरोपी द्वारा अपने पहनी पेंट की पीछे बांयी जेब में रख लिए।
रंग हो गया गुलाबी
लोकायुक्त के ट्रेप दल द्वारा ट्रेप किए जाने पर सह आरोपी विजयसिंह शक्तावत के हाथ सोडियम कार्बोनेट के घोल से धुलवाए जाने पर घोल का रंग गुलाबी हो गया।
2023 में प्रकरण पहुंच कोर्ट में
विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन द्वारा मुख्य आरोपी नीता जैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद्, जावरा जिला रतलाम एवं विजय सिंह शक्तावत, सहायक राजस्व निरीक्षक, नगर पालिका परिषद्, जावरा के विरुद्ध अभियोग पत्र 21 मई 2023 को विशेष न्यायालय (भ्र.नि.अधि.) रतलाम में प्रस्तुत किया गया था। जिसमें विचारण उपरांत दोषसिद्ध किया गया।
Hemant Bhatt