प्रेम प्रसंग : नाबालिग ने दिया अस्पताल में बच्चे को जन्म
⚫ शादी का झांसा देकर प्रेमी ने नाबालिग से किया दुष्कर्म
⚫ प्रेमी ही लाया नाबालिग प्रेमिका को अस्पताल
⚫ पास्को एक्ट में प्रकरण दर्ज, आरोपी प्रेमी की तलाश
हरमुद्दा
रतलाम, 24 नबंवर। जिले के दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी का झांसा देकर नाबालिग से शारीरिक संबंध बनाए गए और उसके गर्भवती होने के बाद भी यह बात परिवार से छिपाई गई। सोमवार शाम नाबालिग को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने एक बच्चे को जन्म दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इसी वर्ष फरवरी माह में आरोपी युवक ने नाबालिग को शादी करने का झांसा दिया और उसे अपने करीब लाकर शारीरिक संबंध बनाए। समय बीतने के साथ नाबालिग गर्भवती हो गई, लेकिन लोक-लाज और डर के कारण उसने इस बारे में अपने परिवार को कुछ नहीं बताया।
सोमवार शाम अचानक नाबालिग के पेट में तेज दर्द उठा। इसके बाद आरोपी अजय निनामा पिता शांतिलाल निनामा उसे लेकर महिला एवं बाल चिकित्सालय पहुंचा, जहां नाबालिग ने एक बच्चे को जन्म दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर महिला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग के बयान दर्ज किए।
स्कूल रिकॉर्ड से खुला उम्र का राज
पुलिस द्वारा नाबालिग की उम्र की तस्दीक के लिए स्कूल रिकॉर्ड खंगाला गया, जिसमें उसकी जन्मतिथि जनवरी 2010 दर्ज पाई गई। इसके आधार पर उसके नाबालिग होने की पुष्टि हुई।
महिला थाना पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत प्रकरण दर्ज किया और आगे की कार्रवाई के लिए मामला दीनदयाल नगर थाने को सौंप दिया है। फिलहाल दीनदयाल नगर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
Hemant Bhatt