अल्पवर्षा के बावजूद रतलाम में हजारों लीटर पानी बहा

अल्पवर्षा के बावजूद रतलाम में हजारों लीटर पानी बहा

⚫ लापरवाही पर हुई कार्रवाई

 ⚫ ड्यूटी से नदारद रहने पर श्रमिक बर्खास्त

हरमुद्दा
​रतलाम, 20 नवम्बर। अल्पवर्षा के बीच जहां एक ओर जल संरक्षण और पानी की हर बूंद बचाने को लेकर सख्त निर्देश दिए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार कर्मचारियों की लापरवाही जल संकट को और गहरा रही है। डोंगरे नगर स्थित पानी की टंकी पर ड्यूटी से नदारद रहने और कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने के मामले में जलप्रदाय विभाग ने दैनिक श्रमिक कालू पिता बिहारीलाल को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया है।


​प्राप्त जानकारी के अनुसार, डोंगरे नगर पानी की टंकी पर पदस्थ दैनिक श्रमिक कालू पिता बिहारीलाल शुक्रवार, 20 नवम्बर को अपने कर्तव्य स्थल पर उपस्थित नहीं हुए। उनकी अनुपस्थिति के चलते सम्पवेल से पानी ओवरफ्लो होने लगा और देखते ही देखते हजारों लीटर स्वच्छ पेयजल व्यर्थ बह गया।

सेवा से पृथक करने की कार्रवाई

गौरतलब है कि इस वर्ष कम बारिश (अल्पवर्षा) के कारण जल स्रोतों पर पहले ही दबाव बना हुआ है और प्रशासन द्वारा पानी के अपव्यय को रोकने व जल बचत पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ऐसे संवेदनशील समय में कर्तव्य के प्रति बरती गई इस उदासीनता को विभाग ने गंभीरता से लिया और लापरवाही मानते हुए श्रमिक को सेवा से पृथक करने की कार्रवाई की।

व्यवस्था में कोताही बर्दाश्त नहीं

इस कार्रवाई से विभागीय अमले में यह स्पष्ट संदेश गया है कि जल प्रबंधन और पेयजल आपूर्ति जैसी बुनियादी व संवेदनशील व्यवस्था में किसी भी तरह की कोताही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।