कलेक्टर की सख्ती के पीछे मानवीय संवेदना: कहा- 'लापरवाही किसी की सेहत और बचपन पर भारी न पड़े'
विभागीय कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए जो धरातल पर दिखाई दे, छुप-छुपकर की जाने वाली कार्रवाई का कोई अर्थ नहीं है। पिछले माह के निर्देशों के पालन में सीएमएचओ की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रशासनिक सख्ती का वास्तविक लाभ और असर जरूरतमंदों तक पहुंचना चाहिए।
⚫ लापरवाह डॉक्टर जाएंगे आलोट-बाजना
⚫ बच्चों की सुरक्षा में ढिलाई पर 4 एएनएम का 15 दिन का वेतन कटेगा
⚫ सीडीपीओ को कारण बताओ नोटिस
हरमुद्दा
रतलाम, 19 नवंबर। स्वास्थ्य और पोषण केवल सरकारी आंकड़ों का विषय नहीं, बल्कि सीधे आमजन के जीवन, सेहत और बच्चों के सुरक्षित भविष्य से जुड़े संवेदनशील दायित्व हैं। इसी मानवीय सरोकार के साथ कलेक्टर अजय कटेसरिया ने स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि विभागीय कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए जो धरातल पर दिखाई दे, छुप-छुपकर की जाने वाली कार्रवाई का कोई अर्थ नहीं है। पिछले माह के निर्देशों के पालन में सीएमएचओ की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रशासनिक सख्ती का वास्तविक लाभ और असर जरूरतमंदों तक पहुंचना चाहिए।

गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान: लापरवाह डॉक्टर जाएंगे आलोट-बाजना
ब्लड प्रेशर, मधुमेह और कैंसर जैसी बीमारियों की समय पर जांच किसी भी व्यक्ति की जान बचा सकती है, लेकिन रतलाम शहर में एनसीडी स्क्रीनिंग मात्र 8 प्रतिशत होने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि स्क्रीनिंग कार्य में लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों को आलोट एवं बाजना में पदस्थ करने का प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत किया जाए।
मूल कर्तव्य का निर्वाह नहीं कर रहे डॉक्टर
कलेक्टर ने कहा कि शहर में रहकर जो डॉक्टर अपना मूल कर्तव्य नहीं निभा रहे हैं, उनके स्थान पर ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सेवाएं देने वाले और शहर आने के इच्छुक डॉक्टरों के पदस्थापना प्रस्ताव तैयार किए जाएं, ताकि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की जनता को समुचित उपचार मिल सके। उन्होंने टीकाकरण सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करने तथा एंट्री न करने वाले सीएचओ पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
बच्चों की सुरक्षा में ढिलाई पर 4 एएनएम का 15 दिन का वेतन कटेगा
नन्हे बच्चों को घातक बीमारियों से बचाने वाले मिजल्स-रूबेला टीकाकरण में कम उपलब्धि पाए जाने पर चार एएनएम—अनिता खैरात, गीता मकवाना, सुनीता शक्तावत और भगवती पडियार—का 15-15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
कुपोषित बच्चों के भविष्य को लेकर सख्ती: सीडीपीओ को कारण बताओ नोटिस
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में कुपोषित बच्चों के उपचार और पोषण स्तर सुधार में अपेक्षित कार्य न होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सैलाना एवं बाजना के सीडीपीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि विभाग अपने मूल दायित्वों का संवेदनशीलता और गंभीरता से निर्वहन करे। हर कुपोषित बच्चे को चिन्हित कर पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराया जाए, ताकि उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में ठोस सुधार आ सके। बैठक में शहर सुपरवाइजर अनीता धौलपुरिया का 15 दिन का वेतन काटने तथा शांता वर्मा और सुशीला मेड़ा के विरुद्ध भी वेतन कटौती के निर्देश दिए गए।
यह थे मौजूद
बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, मेडिकल कॉलेज डीन, सीएमएचओ, सिविल सर्जन, डीपीओ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Hemant Bhatt