श्रद्धांजलि : देश के ख्यातनाम चिकित्सक एवं नेत्रदान की अलख जगाने वाले  डॉ. छापरवाल का रतलाम में निधन, हुए नेत्रदान

श्रद्धांजलि : देश के ख्यातनाम चिकित्सक एवं नेत्रदान की अलख जगाने वाले  डॉ. छापरवाल का रतलाम में निधन, हुए नेत्रदान

देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर के रहे उप कुलपति

देश विदेश में 200 से अधिक रिसर्च पेपर्स प्रकाशित

विभिन्न संस्थाओं ने मुक्तिधाम पर दी श्रद्धांजलि

हरमुद्दा
रतलाम, 15 फरवरी। नेत्रदान की अलख जगाने वाले के नेत्रदान परिवार ने सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ.भरत छापरवाल का स्वर्गवास होने पर नेत्रदान करने का संकल्प पूरा किया।  जिससे दो व्यक्तियों को नई रोशनी मिलने का मार्ग आसन हुआ। त्रिवेणी मुक्ति धाम पर अंतिम संस्कार किया गया।


देश के जाने-माने ख्यातनाम चिकित्सक, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के दो बार के पूर्व उप कुलपति, मुरलीधर किशन गोपाल पारमार्थिक ट्रस्ट के ट्रस्टी (एमके इंटरनेशनल आई बैंक) डॉ.भरत छापरवाल का स्वर्गवास हो गया।आप अभ्यास मंडल के सलाहकार थे। शिक्षाविद के साथ-साथ समाजसेवी का भी जाना बहुत बड़ी क्षति है। उनकी सुपुत्री डॉ. मनीषा माहेश्वरी एवं दामाद डॉ. विपिन माहेश्वरी द्वय ने उनकी बहुत सेवा की। 

हुए नेत्रदान

परिवार के सदस्यों ने डॉक्टर छापरवाल के नेत्रदान करने की अंतिम इच्छा के संकल्प को पूरा किया। 929 वां नेत्रदान रतलाम में डॉ. छापरवाल का हुआ। बेटी डॉ. मनीषा धर्मपत्नी डॉ. विपिन माहेश्वरी द्वारा नेत्रदान संबंधी सूचना गोविंद काकानी को दी गई। रविवार को प्रातः 11:50 बजे गीता भवन न्यास समिति के नेत्रदान/देहदान प्रभारी डॉ.जी एल ददरवाल ने अपनी टीम के भगवान ढलवानी, मीनू माथुर, ओमप्रकाश अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, हेमंत मूणत रतलाम, परमानंद पवार बड़नगर के आपसी समन्वय के साथ नेत्र उत्सर्जन का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया।

डॉ. छापरवाल के व्यक्तित्व को किया उजागर

डॉक्टर छापरवाल का अंतिम संस्कार  त्रिवेणी मुक्तिधाम रतलाम में हुआ। मुक्तिधाम पर शोक सभा संचालन करते हुए डॉक्टर लक्ष्मीनारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज रतलाम एथिकल कमेटी सदस्य गोविंद काकानी ने डॉक्टर छापरवाल के व्यक्तित्व को उजागर करते हुए कहा कि सहज, सरल और अति विद्वान अनेक संस्थाओं के वरिष्ठ पदाधिकारी रहते हुए देश और विदेश के अनेक कॉलेज में 200 से ज्यादा उनके रिसर्च पेपर्स प्रकाशित हुए हैं। डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज रतलाम में भी आपका मार्गदर्शन सदैव मिलता रहा। 

विभिन्न संस्थाओं ने मुक्तिधाम पर दी श्रद्धांजलि

अंतिम यात्रा में माहेश्वरी समाज अध्यक्ष शैलेंद्र डागा एवं पदाधिकारी, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. चैतन्य खंडेलवाल एवं पदाधिकारी डॉक्टर्स, काटजू नगर विकास समिति, मानव सेवा समिति, पूर्व मेडिकल कॉलेज डीन डॉक्टर संजय दीक्षित, इंदौर आई बैंक संचालक उमा झवर एवं सांदीपनि आर्य परिवार सदस्य भाई जुगल किशोर, लक्ष्मी नारायण छापरवाल, सुपुत्र धीरज छापरवाल सहित डॉ. भरत जी की जन्मस्थली नाथद्वारा के आत्मीय जन, अनेक संस्थाओं के सदस्यों ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।