उपलब्धि सरोकार : रतलाम के औद्योगिक विकास को मिले नये पंख
⚫ इन्वेस्टमेंट जोन में चार और यूनिटों को 150 हेक्टेयर भूमि आवंटित
⚫ कुल 11950 करोड़ का निवेश, 6500 लोगों को मिलेगा रोजगार
⚫ कैबिनेट मंत्री काश्यप ने की विकास कार्यों की समीक्षा
हरमुद्दा
रतलाम, 14 फरवरी। युवाओं को रोजगार और शहर के विकास को नई रफ्तार देने वाले रतलाम इन्वेस्टमेंट जोन में चार और यूनिटों को लगभग 150 हेक्टेयर भूमि आवंटित हो गई है। इन यूनिटों की स्थापना का कार्य जल्द ही शुरू होगा। इन्वेस्टमेंट जोन में सोलर की एक यूनिट का कार्य पहले से चल रहा है।

शनिवार को सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने रतलाम इन्वेस्टमेंट जोन में हो रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान एमपीआईडीसी के कार्यपालक संचालक राजेश राठौर ने इन्वेस्टमेंट जोन में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
निवेशकों के आ रहे लगातार प्रस्ताव
कार्यपालक संचालक श्री राठौर ने बताया कि रतलाम इन्वेस्टमेंट जोन में लगातार निवेशकों के प्रस्ताव आ रहे हैं। एमपीआईडीसी ने हाल ही में यहां जिन चार नई यूनिटों को भूमि आवंटित की है, उनमें फार्मा ग्रेड फिल्मस बनाने वाली एसआरएफ लिमिटेड को 80 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है जो 9000 हजार करोड़ का निवेश करेगी और इससे 2000 लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। गारमेन्ट बनाने वाली आरएसडब्लूएम लिमिटेड भीलवाड़ा को 27 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है, जो 650 करोड़ का निवेश करेगी एवं इससे 1500 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसी प्रकार एक्जाट्रोन सोलर प्रा.लि. को 24 हेक्टेयर से अधिक भूमि का आवंटन किया है, सोलर पैनल बनाने वाली यह कंपनी 1300 करोड़ का निवेश करेगी, जिससे 1500 लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। प्लास्टिक रेजिन की एलएनजे ग्रीनपत लि. को 18 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है, जो 350 करोड़ का निवेश कर 500 लोगों को रोजगार देगी।
6500 हजार लोगों को रोजगार
श्री राठौर ने बताया कि निवेश क्षेत्र में पहले फूजियामा सोलर प्रा.लि. को करीब 25 हेक्टेयर भूमि आंवटित की गई थी, जो 650 करोड़ का निवेश कर 1000 लोगों को रोजगार देगी। सोलर पैनल की इस यूनिट का कार्य प्रगति पर है। अब तक निवेश क्षेत्र में कुल 11950 करोड़ के निवेश और इससे 6500 लोगों को रोजगार मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
मूलभूत सुविधाओं का विकास
मंत्री श्री काश्यप ने बैठक के दौरान इन्वेस्टमेंट जोन में मूलभूत सुविधाओं के विकास की जानकारी भी ली। अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य हो चुका है और बिजली व्यवस्था सहित अन्य कार्य निरंतर चल रहे हैं। श्री काश्यप ने इन्वेस्टमेंट जोन के निर्माण एवं विकास कार्यों की गति तेज करने के निर्देश दिए ताकि अन्य निवेशकों को आकर्षित किया जा सके। बैठक के दौरान एमपीआईडीसी के सहायक यंत्री धर्मेन्द्र डोडवे व तहसीलदार जयेश आदि उपस्थित रहे।
Hemant Bhatt