पोते के जन्मदिन पर दादा-दादी का अनुकरणीय फैसला, भरा देहदान का संकल्प पत्र

पोते के जन्मदिन पर दादा-दादी का अनुकरणीय फैसला, भरा देहदान का संकल्प पत्र

⚫ मेडिकल कॉलेज में संकल्प पत्र जमा

⚫ दंपति को मिले परिचय पत्र

हरमुद्दा
​रतलाम, 19 नवंबर। परिवार में नन्हे सदस्य का जन्मदिन खुशियां और उत्सव मनाने का अवसर होता है, लेकिन रतलाम के एक परिवार ने इस शुभ दिन को मानव सेवा और समाज के प्रति समर्पण की अनूठी मिसाल बना दिया। पोते परम रविंद्र राठौड़ के जन्मदिन के अवसर पर दादा महेंद्र कुमार राठौड़ और दादी श्रीमती राजू बाला राठौड़ ने देहदान का संकल्प पत्र भरकर समाज को सेवा, संस्कार और संवेदना का प्रेरक संदेश दिया।


​

लंबे समय से संजोई इच्छा हुई पूरी

जानकारी के अनुसार, देहदान का संकल्प लेने की इच्छा दंपति के मन में लंबे समय से थी। पश्चिम क्षेत्र मध्य प्रदेश विद्युत मंडल में 44 वर्षों तक सेवाएं देकर सेवानिवृत्त हुए महेंद्र कुमार राठौड़ ने काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सदस्य सुनील लाठी के माध्यम से संस्था के सचिव गोविंद काकानी से संपर्क किया और घर आकर संकल्प पत्र भरवाने का आग्रह किया।

परिवार की सहमति से भरा संकल्प पत्र

दादा-दादी के आग्रह पर सुनील लाठी और गोविंद काकानी संकल्प पत्र लेकर रत्नेश्वर रोड स्थित शिवधाम परिसर में उनके निवास पर पहुंचे। परिवार के सदस्यों की प्रसन्नतापूर्वक सहमति के बाद महेंद्र कुमार राठौड़ और राजू बाला राठौड़ ने देहदान संकल्प पत्र भरा। इस भावुक और गौरवपूर्ण क्षण में सुपुत्र रविंद्र, बहू आंचल, सुपुत्री पूजा राठौड़, नातिन गीतिका व चेष्टा तथा पोते परम की मौजूदगी रही।

संतोष और खुशी का विषय

​"देहदान करने की इच्छा आज पूरी हुई है। पोते के जन्मदिन जैसे शुभ अवसर पर यह पुनीत कार्य कर पाना हमारे लिए अत्यंत संतोष और खुशी का विषय है।"

⚫ महेंद्र कुमार एवं राजू बाला राठौड़

मेडिकल कॉलेज ने की सराहना, सौंपा परिचय पत्र

देहदान संकल्प पत्र डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडे मेडिकल कॉलेज में जमा कराया गया। इस पहल की सराहना करते हुए मानव संरचना विभागाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सिंगरौले एवं डीन डॉ. अनीता मुथा ने दंपति का उत्साहवर्धन किया और उन्हें देहदान के परिचय पत्र प्रदान किए।

चिकित्सा शिक्षा को मिलेगा संबल

काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सचिव गोविंद काकानी ने बताया कि देहदान से प्राप्त शरीर मेडिकल के विद्यार्थियों के अध्ययन और चिकित्सा शिक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं। यह निर्णय मरणोपरांत भी मानव सेवा से जुड़े रहने का श्रेष्ठ उदाहरण है। पोते परम के जन्मदिन पर दादा-दादी के इस प्रेरणादायी कदम से परिवार के अन्य सदस्यों ने भी प्रेरणा ली और भविष्य में सामाजिक सरोकार के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस तरह जन्मदिन का यह उत्सव केवल खुशियों तक सीमित न रहकर समाज के लिए एक यादगार और संवेदनशील संदेश बन गया।