हाई अलर्ट हटते ही बेखौफ हुए बदमाश: मुख्यमंत्री के रतलाम से जाते ही फोरलेन पर सवा आठ लाख की लूट
⚫ दो बार हुआ आमना-सामना, पथराव कर लूटा बैग
⚫ वीआईपी सुरक्षा हटते ही फोरलेन पर गुंडाराज
⚫ हाईवे पेट्रोलिंग पर सवाल
हरमुद्दा
रतलाम, 19 नवंबर। प्रदेश के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री डॉ. मोहन यादव के रतलाम जिले के दौरे के समाप्त होते ही शहर की कानून-व्यवस्था को बदमाशों ने सीधी चुनौती दे डाली है। वीआईपी सुरक्षा के लिए जिले भर में तैनात भारी पुलिस बल के हटते ही बुधवार, 18 नवंबर की रात रतलाम-इंदौर फोरलेन पर बाइक सवार बदमाशों ने इंदौर के एक व्यापारी से 8 लाख 15 हजार 510 रुपये नकद लूट लिए। वारदात के दौरान बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि एक बार बैग छिन जाने के बाद उन्होंने दोबारा लौटकर कार का कांच फोड़ा और नकदी लेकर फरार हो गए। इस घटना ने जहां हाईवे पेट्रोलिंग पर सवाल या निशान खड़े कर दिए हैं वहीं कानून व्यवस्था को भी ठेंगा दिखा दिया है।

घटनास्थल पहुंचे पुलिस अधीक्षक सहित अन्य
दो बार हुआ आमना-सामना, पथराव कर लूटा बैग
भाई जतिन चंदानी ने हरमुद्दा को बताया कि इंदौर निवासी भाई हर्षित चंदानी (चॉकलेट, गोली और बिस्किट के डिस्ट्रीब्यूटर) अपने ड्राइवर गजानन भिड़े के साथ नीमच, मंदसौर और जावरा से व्यापारिक कलेक्शन कर कार क्रमांक एमपी 09 डीजे 9076 से इंदौर लौट रहे थे। बुधवार रात रतलाम के पास महिंद्रा शोरूम के सामने जब वे शौच के लिए रुके, तभी बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने कार से रुपयों का बैग उड़ा लिया।
दिखाई हिम्मत और लिया वापस बैग
व्यापारी हर्षित और ड्राइवर गजानन ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया, उन्हें पकड़ भी लिया और अपना बैग वापस छुड़ा लिया। लेकिन बदमाशों में पुलिस का खौफ बिल्कुल नजर नहीं आया। कुछ ही देर बाद वे दोबारा लौटे, कार पर पत्थर मारकर कांच फोड़ा और व्यापारी व ड्राइवर के साथ मारपीट कर रुपयों से भरा बैग छीनकर भाग निकले। इस संघर्ष में व्यापारी और ड्राइवर दोनों के सिर तथा हाथ-पैर में चोटें आई हैं।
प्रारंभिक सूचना 10 लाख की, जांच में 8.15 लाख की पुष्टि
घटना के तुरंत बाद मिली प्राथमिक सूचना में लूटी गई रकम करीब 10 लाख रुपए बताई गई थी। हालांकि, बाद में दर्ज विस्तृत पुलिस रिपोर्ट में बैग के अंदर 8 लाख 15 हजार 510 रुपए नकद और जरूरी व्यापारिक दस्तावेज होने की पुष्टि हुई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
खास बात यह है कि जिस दिन मुख्यमंत्री का दौरा होता है, उस दिन शहर और हाईवे के चप्पे-चप्पे पर पुलिस का सख्त पहरा रहता है। लेकिन वीआईपी मूवमेंट खत्म होते ही मुख्य फोरलेन पर इस तरह की दुस्साहसिक वारदात ने रात्रि गश्त और हाईवे पेट्रोलिंग की पोल खोल दी है।
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी
वारदात की सूचना मिलते ही रतलाम एसपी अमित कुमार, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अब आसपास के प्रतिष्ठानों और टोल नाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Hemant Bhatt