सामाजिक सरोकार : कांग्रेसी करेंगे घंटा बजाओ आंदोलन आज कैबिनेट मंत्री कश्यप के निवास पर
⚫ इंदौर हुई जल त्रासदी का विरोध
⚫ दिवंगतों को शहर सराय पर दी जाएगी श्रद्धांजलि
⚫ मोहन सरकार बर्खास्तगी की होगी मांग
हरमुद्दा
रतलाम, 6 जनवरी। इंदौर में हाल ही में दूषित पेयजल की आपूर्ति के कारण कई लोगों की मौत हो गई। इंदौर नगर निगम की लापरवाही को लेकर मंगलवार को रतलाम में शहर जिला और सभी मोर्चा संगठनों कांग्रेस द्वारा कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के निवास पर घंटा बजाओ आंदोलन होगा। इसके पहले शहर सराय पर दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने बताया कि 6 जनवरी को इस जनआंदोलन के तहत दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर शहीद चौक पर इंदौर जल त्रासदी में दिवंगत को श्रद्धा सुमन अर्पित किए जाएंगे। इसके पश्चात न्यू रोड, दो बत्ती चौराहा और स्टेशन रोड होते हुए स्थानीय मंत्री चैतन्य काश्यप के निवास पर पहुंचकर प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन के दौरान प्रदेश की मोहन सरकार को बर्खास्त करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई जाएगी।
नगरीय प्रशासन मंत्री ने किया निम्न स्तर के शब्दों का उपयोग
श्री वर्मा ने बताया कि गंभीर और संवेदनशील समय में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा निम्न स्तर के शब्दों का प्रयोग किए जाने तथा प्रदेश सरकार द्वारा किसी भी प्रकार की जवाबदारी नहीं लेने पर जनता में गहरा रोष है।
रतलाम में भी स्थिति गंभीर
श्री वर्मा ने बताया कि रतलाम शहर में भी जलप्रदाय की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। कई क्षेत्रों में गंदा और दूषित पानी सप्लाई किया जा रहा है, जिससे इंदौर जैसी भयावह घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं, स्वच्छ जल उपलब्ध कराने वाली कई मोटरों का कनेक्शन नगर निगम द्वारा काट दिया गया हैं, जिससे नागरिकों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
आंदोलन में शामिल होने का आह्वान
श्री वर्मा ने शहर के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन मैं शामिल होने का आह्वान किया है।
Hemant Bhatt