धर्म संस्कृति : सागोद तीर्थ प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए प्रथम पत्रिका आलेखन श्री सिद्धाचल महातीर्थ के नाम

⚫ देश के सभी प्रमुख जैन महातीर्थ एवं मूलनायक प्रभु को आमन्त्रण
⚫ बंधु बेलड़ी आचार्यश्री का प्रवेशोत्सव 29 को
हरमुद्दा
रतलाम, 28 अप्रैल। जैन श्वेताम्बर सागोद तीर्थ के अंजन शलाका प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए प्रथम आमन्त्रण पत्रिका श्री सिद्धाचल महातीर्थ, पालीताणा के नाम लिखकर प्रथम तीर्थंकर दादा आदिनाथ को आमन्त्रित किया गया । बंधु बेलड़ी शिष्यरत्न आचार्य श्री प्रसन्नचन्द्रसागर सूरिजी म.सा. की निश्रा में पत्रिका आलेखन महोत्सव सागोद तीर्थ में सौल्लास सम्पन्न हुआ।
प्रभु से पधारने की विनती
श्री वीसा पोरवाल जैन श्वेताम्बर तीर्थ ट्रस्ट द्वारा नवनिर्मित जैन श्वेताम्बर सागोद तीर्थ में 11 दिवसीय भव्य अंजन शलाका प्रतिष्ठा व दीक्षा महोत्सव सहित अन्य कार्यक्रम होंगे। इसी उपलक्ष्य में आयोजित पत्रिका आलेखन महोत्सव में समाजजनों ने विधिविधान के साथ देश के सभी प्रमुख जैन महातीर्थ एवं मूलनायक प्रभु के नाम पत्रिका का आलेखन कर उन्हें महोत्सव में पधारने के लिए आमंत्रित किया। आरम्भ में आचार्यश्री ने मांगलिक फरमाए।यंहा समाजजनो ने प्रभु भक्ति करते हुए नृत्य, जयकारे और जयघोष के साथ अपने उत्साह को अभिव्यक्ति दी। परुष श्वेत वस्त्र और चुनरी वाले साफे में जबकि महिलाएं लाल रंग के एक जैसे परिधान में उत्सव में शामिल हुई।महोत्सव 30 अप्रैल से 11 मई तक बंधु बेलड़ी आचार्य श्री जिन-हेमचन्द्रसागर सूरीश्वर जी म.सा.की मुख्यनिश्रा में आयोजित है।
सम्पूर्ण मालवा में उत्साह और उत्सव
आचार्य श्री प्रसन्नचन्द्रसागर सूरिजी म.सा. ने कहा कि वर्षो की प्रतीक्षा में बाद यह मंगल प्रसंग आया है, जिसे लेकर सम्पूर्ण मालवा अंचल में उत्साह और उत्सव का माहौल है। इस प्राचीन तीर्थ भूमि पर कोई 175 वर्ष से भी अधिक प्राचीन श्री आदिनाथ भगवान विराजित है। जिनके दर्शन मात्र से परमात्म आशीष कि अमृत वृष्टि होने लगती है। जीर्णोद्धार के पश्चात अब देवविमान सदृश्य नवनिर्मित देरासर में परमात्मा की अंजन शलाका एवं प्रतिष्ठा होने जा रही है। यह महोत्सव इतिहास के पन्नों पर स्वर्णिम अक्षरों में अंकित होगा।श्री सागोद तीर्थ का जीर्णोद्धार कार्य कैबिनेट मंत्री म.प्र. शासन श्री चेतन्य काश्यप की अध्यक्षता में हुआ है।
बंधु बेलड़ी आचार्यश्री का प्रवेशोत्सव आज
बंधु बेलड़ी आचार्य श्री जिन-हेमचन्द्रसागर सूरीश्वर जी म.सा. आदि विशाल श्रमण श्रमण वृंद का रतलाम शहर में मंगल प्रवेश 29 अप्रैल मंगलवार को प्रात: 8 बजे श्री कबीर सा.उपाश्रय थावरिया बाजार से होगा। एतिहासिक चल समारोह नगर में प्रमुख मार्गो से होकर श्री करमचंद उपाश्रय, हनुमान रूंडी पहुचेगा। पूज्यश्री के साथ आचार्य श्री नयचन्द्रसागर सूरिजी म.सा, आचार्य श्री विरागचन्द्रसागर सूरिजी म.सा, आचार्य श्री पदमचन्द्रसागर सूरिजी म.सा, आचार्य श्री आनंदचन्द्रसागर सूरिजी म.सा, गणिवर्य श्री तारकचन्द्रसागरजी म.सा. एवं गणिवर्य डॉ. श्री अजितचन्द्रसागरजी म.सा. सहित सागर समुदाय के 36 से अधिक श्रमण श्रमणी वृंद का भी रतलाम में प्रवेश होगा।श्री देवसुर तपागच्छ चारथुई जैन श्रीसंघ एवं श्री ऋषभदेव जी केसरीमल जी जैन श्वेताम्बर पेढ़ी ने प्रवेश उत्सव में सभी को आमंत्रित किया है।
⚫ प्रतिष्ठा महोत्सव संपर्क : निलेश पोरवाल -98935- 19970
दिलेश पोरवाल -99810- 87889