दर्दनाक हादसा : रतलाम के माता-पिता और बेटे की दर्दनाक मौत
⚫ सड़क हादसे ने छीनीं हंसते-खेलते परिवार की सांसें
⚫ घर में पसरा सन्नाटा
हरमुद्दा
रोहतक/रतलाम, 20 नवंबर। रफ्तार के कहर ने एक पल में एक पूरे परिवार की दुनिया उजाड़ दी। जम्मू-कटरा हाईवे पर हुए एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में माता-पिता और उनके बेटे की सांसें थम गईं।

सिंधु दम्पत्ति
पल भर में बिखर गया पूरा संसार
हादसे में जान गंवाने वाले करमजीत सिंधु, उनकी पत्नी पवनदीप कौर सिंधु और बेटे अमरिंद्र सिंधु रतलाम के इंदिरा नगर के रहने वाले थे। जिस परिवार में कल तक खुशियों और उम्मीदों की बातें हो रही थीं, आज वहां सिर्फ सिसकियां और सन्नाटा है। एक साथ तीन अर्थियां उठने की खबर ने न सिर्फ सिंधु परिवार के रिश्तेदारों को झकझोर कर रख दिया है, बल्कि पूरे रतलाम शहर की आंखें नम कर दी हैं।
चीख-पुकार के बीच चला बचाव कार्य
दुर्घटना इतनी भयावह थी कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों की रूह कांप गई। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और सदर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और इस हृदयविदारक हादसे के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है।
Hemant Bhatt