बंगाल की खाड़ी में बना गहरा कम दबाव का क्षेत्र, मध्य प्रदेश में पूरे दिन झमाझम बारिश

बंगाल की खाड़ी में बना गहरा कम दबाव का क्षेत्र, मध्य प्रदेश में पूरे दिन झमाझम बारिश

जिले में चारों ओर झमाझम बारिश, जिले में अब तक 42.27 इंच बारिश दर्ज

⚫ सर्वाधिक सैलाना में 68 इंच बारिश दर्ज

⚫ सबसे कम ताल क्षेत्र में 21 इंच बारिश

⚫ जिले में सभी दूर एक से तीन इंच हुई बारिश 

हरमुद्दा
गुरुवार, 4 सितंबर। बंगाल की खाड़ी में गहरा कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर से लगातार नमी आने के कारण मध्य प्रदेश के अधिकतर जिलों में झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, आज पूरे प्रदेश में बारिश होने के आसार हैं। 

मौसम विभाग ने बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर के लिए अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है जहां अगले 24 घंटे में 8 इंच बारिश हो सकती है 

भारी बारिश का अलर्ट

इसके अलावा मौसम विभाग ने 18 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है जिसमें नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, शिवपुर, मुरैना, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडोरी शामिल है।।प्रदेश के बाकी जिलों में भी गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। 

जिले में 42.27 इंच बारिश दर्ज

मौसम विभाग के अलर्ट के बाद रतलाम जिले में झमाझम बारिश का दौर चल रहा है। जिले में औसत बारिश 42.27 इंच दर्ज की गई है। सबसे कम बारिश 21 इंच लाल क्षेत्र में हुई है तो सर्वाधिक सैलाना क्षेत्र में 68 इंच बारिश हो चुकी है। गुरुवार सुबह हुई बारिश से कई क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई।

कई क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति

गुरुवार को सुबह 5 से 8 बजे तक हुई तेज बारिश से कई क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई। बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। घर-घर दूध देने वालों को काफी मुसीबत का सामना करना पड़ा। शहर के निचले क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति निर्मित हुई वहीं जहां पर नाला क्षेत्र है वहां पर भी घरों में पानी घुसने की खबर है जवाहर नगर क्षेत्र में भी पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया है। बाजार में भी सड़कों पर पानी ही पानी नजर आया। 

4 सितंबर सुबह 8 बजे तक 24 घंटे में हुई लगभग 2 इंच बारिश

4 सितंबर सुबह 8:00 बजे तक पिछले 24 घंटे में जिले में 48.75 मिमी बारिश दर्ज हुई। रतलाम शहर में 54 मिमी मीटर बारिश दर्ज हुई वही सर्वाधिक 72 मिलीमीटर बारिश रावटी में तो सबसे कम 27 मिली मीटर ताल में 27 मिमी दर्ज हुई है। 

फोटो : राकेश पोरवाल